हरियाणा की 20 विधानसभा सीटों की EVM की शिकायत
हरियाणा विधानसभा चुनाव में जोर का झटका लगने के बाद कांग्रेस ने नतीजों का ठीकरा एक बार फिर चुनाव आयोग पर फोड़ा और शिकायत भी की। बुधवार को काग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात कर हरियाणा की 20 विधानसभा सीटों पर ईवीएम में गड़बड़ी को लेकर शिकायत की। मीटिंग के बाद कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि केसी वेणुगोपाल, अशोक गहलोत, जयराम रमेश, अजय माकन, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पार्टी के अन्य नेताओं ने चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की है। हमने चुनाव आयोग को 20 शिकायतों के बारे में बताया, जिनमें से सात शिकायतें सात निर्वाचन क्षेत्रों से लिखित में हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मतगणना के दिन कुछ मशीनें 99 फीसदी चार्ज पर थीं और अन्य सामान्य मशीनें 60-70 फीसदी चार्ज पर थीं। हमने मांग की है कि जांच पूरी होने तक उन मशीनों को सील और सुरक्षित रखा जाना चाहिए। हमने चुनाव आयोग से यह भी कहा कि अगले 48 घंटों में हम बाकी शिकायतें भी उनके सामने पेश करेंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि चुनाव आयोग ने हमें आश्वासन दिया है कि वे इस मामले पर गौर करेंगे और प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारियों से परामर्श करने के बाद हमें जवाब देंगे।
