70 साल के बुजुर्गों को पांच लाख का इलाज, केंद्र की योजना से हिमाचल को भी मिलेगा फायदा
केंद्र सरकार की योजना से हिमाचल के बुजुर्गों को भी मिलेगा फायदा
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयुष्मान योजना के नए चरण ‘आयुष्मान भारत निरामयम’ की शुरुआत की है। पीएम मोदी ने दिल्ली के ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद में आयोजित एक कार्यक्रम में करीब 12 हजार 850 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। अब 70 वर्ष और उससे अधिक आयु वाले सभी बुजुर्गों का प्रमुख स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत के तहत मुफ्त इलाज हो सकेगा। हिमाचल में इस योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होगा। यह पोर्टल आधार से लिंक होगा, ताकि आधार से आयु का पता चल सके। केंद्र सरकार के आदेश के बाद राज्य में स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है और योजना का लाभ आम से खास तबके तक पहुंच जाए। इसके लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में इस बड़े कदम की शुरुआत नौवें आयुर्वेद दिवस और हिंदू चिकित्सा के देवता धनवंतरि की जयंती के अवसर पर की गई।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 70 साल और उससे अधिक आयु के सभी बुजुर्गों को हैल्थ कवरेज मिलेगा। यह सुविधा किसी भी आय वर्ग के बुजुर्गों को प्राप्त होगी। हर साल पांच लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। इसके अलावा जो परिवार पहले से आयुष्मान योजना का लाभ उठा रहे हैं, उनके परिवार के बुजुर्ग सदस्य के लिए अलग से सालाना पांच लाख तक का इलाज मिल सकेगा। इससे देश के करीब 4.5 करोड़ परिवारों के छह करोड़ से ज्यादा बुजुर्गों का लाभ मिलेगा। अब तक इस योजना में कम आय वर्ग के परिवारों को ही शामिल किया जाता रहा है, जबकि बुजुर्गों के लिए शुरू की गई इस स्कीम में कोई आय लिमिट नहीं होगी।
