Himachal Pradesh

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया करोड़ों रुपए के कार्याें का लोकार्पण

Spread the love

संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे

हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बुधवार को नावर क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुठाड़ी के दौरे पर नौ करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से उन्नत हुई घणासीधार-खदराला सड़क का लोकार्पण किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने ग्राम पंचायत कुठाड़ी में 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित पंचायत भवन एवं पांच लाख रुपये से नवनिर्मित जन सुविधा केंद्र का भी उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने एक करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का शिलान्यास भी किया। शिक्षा मंत्री ने इस मौके पर बताया कि इस समय पूरे टिक्कर सब डिवीजन में 18 करोड़ रुपये के विकासात्मक कार्य प्रगति पर हैं और आने वाले समय में भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी। उन्होंने घणासीधार-खदराला सड़क के महत्व पर प्रकाश डालते हुये बताया कि यह सड़क 1952 में बनायी गयी थी और 1954 में तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने भी यहां पर यात्रा की थी। तिब्बत के साथ सीमा लगने के कारण इस सड़क का अपना एक सामरिक महत्व भी है और साथ ही कोटखाई नावर के अतिरिक्त रोहडू और रामपुर की जनता भी इस सड़क से लाभान्वित होगी। इसके अतिरिक्त, पिछले 18 महीनों के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र में 93 सड़कें पास हो चुकी है और इस वर्ष के अंत तक संभवतः इनकी संख्या 100 हो जायेगी। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की चर्चा करते हुये बताया कि पिछली भाजपा सरकार ने इस स्वास्थ्य केंद्र को डिनोटिफाई कर दिया गया था, जिससे कि इस महत्वपूर्ण कार्य को पिछली सरकार में ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार ने इसे दोबारा नोटिफाई किया और शीघ्र ही इस कार्य को पूर्ण कर लिया जायेगा।