चुराह: जीरो बिल की खातिर चुराई बिजली, अब कटे कनेक्शन
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
चंबा। चुराह विधानसभा क्षेत्र के अधीन आते क्षेत्रों में एलटी लाइन में कुंडी लगाकर बिजली की चोरी करने वालों पर विद्युत बोर्ड प्रबंधन का चाबुक चला है। बिहाली पंचायत के सिरी और झझाकोठी में विद्युत बोर्ड प्रबंधन की टीम ने सहायक अभियंता की अगुवाई में औचक निरीक्षण कर पांच उपभोक्ताओं को रंगे हाथों दबोचा है और उनके बिजली के कनेक्शन काट दिए। साथ ही उन्हें 42,000 रुपये जुर्माना लगाया है। इन्होंने जीरो बिल की खातिर बिजली चोरी की थी। बोर्ड ने बिजली चोरों को सख्त शब्दों में चेताया है कि यदि वे दोबारा बिजली चोरी करते हुए पकड़े जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के अलावा पुलिस में एफआईआर तक दर्ज करवाई जा सकती है।
बिजली बोर्ड को जानकारी मिली थी कि चुराह विधानसभा क्षेत्र के अधीन आने वाले दुर्गम क्षेत्रों में 125 यूनिट से अधिक बिजली खपत करने से बचने के लिए कुछ उपभोक्ता अपनी जान की परवाह न करते हुए एलटी तारों पर कुंडी लगाकर बिजली चोरी कर रहे थे। इसके बाद विद्युत बोर्ड प्रबंधन की ओर से एक स्पेशल टीम का गठन किया गया है। टीम ने क्षेत्र के दुर्गम क्षेत्रों में विद्युत उपभोक्ताओं के घरों और दुकानों में जाकर औचक निरीक्षण करना शुरू किया। औचक निरीक्षण के दौरान बोर्ड की टीम ने बिहाली पंचायत के सिरी और झझाकोठी में कार्रवाई को अंजाम दिया। प्रबंधन ने उक्त पांच लोगों के बिजली कनेक्शन काट दिए।
चुराह के बिहाली और झझाकोठी में कुंडी लगाकर पांच लोगों को मौके पर पकड़ा गया है। बिजली कनेक्शन काटने के साथ उन्हें 42,000 रुपये जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना भरने पर ही उनके बिजली कनेक्शन फिर सुचारू हो सकेंगे।
अमित कुमार, सहायक अभियंता, विद्युत बोर्ड
