Employment NewsHimachal Pradesh

701 नर्सेज और 762 पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती को मंजूरी…

Spread the love

नेक सिंह ठाकुर ट्राइबल टुडे

सरकारी अस्पतालों में लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य कर्मियों की कमी अब जल्द ही दूर होने वाली है। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने 1463 स्वास्थ्य पेशेवरों की भर्ती को मंजूरी दे दी है। इस भर्ती के जरिए 701 नर्सेज और 762 पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती की जाएगी। यह भर्ती आईसीएसआईएल, एनआईसीएसआई, बीईसीआईएल और एचएलएल जैसे सार्वजनिक उपक्रमों के माध्यम से की जाएगी।
एलजी कार्यालय के बयान में कहा गया है कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के माध्यम से 1463 स्वास्थ्य देखभाल कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। अस्पतालों को आसान भर्ती नियमों के साथ सीधी भर्ती कोटा के तहत कर्मियों को शामिल करने को कहा गया है। एलजी ने इस फैसले को 13 फरवरी को स्वास्थ्य सेवा पर दिल्ली हाई कोर्ट की टिप्पणियों के बाद गठित डॉ. एसके सरीन समिति की सिफारिश पर लिया गया। हाईकोर्ट ने स्वास्थ्य अवसंरचना और अस्पताल के बिस्तरों की उपलब्धता को लेकर सवाल उठाया था। साथ ही शहर की आबादी के आधार पर स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने अस्पताल में जनशक्ति की कमी का मुद्दा भी उठाया था।
दिल्ली की स्थिति को देखते हुए कोर्ट ने एक समिति गठित की थी। डॉ. सरीन की समिति को दिल्ली के अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवा संसाधनों के अनुकूलन का कार्य सौंपा गया। समिति ने शहर में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा देने के लिए नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को गंभीर मुद्दा बताया था। समिति ने इन आवश्यक कर्मियों की तत्काल तैनाती के लिए आउटसोर्स एजेंसियों को शामिल करने की सिफारिश की थी। समिति की सिफारिशों के आधार पर ही भर्ती करने का फैसला लिया गया है।