चम्बा मे चलती HRTC की बस के खुले टायर, खाई में गिरने से बचे 35 सवार
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
चंबा-भरमौर मार्ग पर होली-चंबा रूट की एचआरटीसी की चलती बस के पिछले टायर जांघी क्षेत्र के पास खुल गए। हालांकि चालक ने अपनी सूझबूझ से बस रोक दी और इसमें सवार 35 सवारियां बाल-बाल बचीं।
सड़क के नीचे गहरी खाई थी अगर बस अनियंत्रित होकर वहां गिर जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार होली से चंबा आ रही यह बस जब जांघी के पास पहुंची तो उसकी टायर के बीच में लगी रॉड (रियल डिफेंसिव ट्यूब) का एक हिस्सा टूट गया। इसके टूटने से बस के पिछले एक साथ लगे दो टायर खुल गए। ऐसे में बस में बैठीं सवारियां घबरा गईं। गनीमत यह रही कि किसी भी तरह का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
यात्री राज कुमार, हिना कुमारी, सुदेश कुमारी, किरण कुमारी और राजिंद्र कुमार का कहना है कि बस खाई में गिरने से बाल-बाल बची। उन्हाेंने कहा कि HRTC बसों का अब जरा भरोसा नहीं है। हर मोड़ पर सरकारी बसों के पहिये थम जाते हैं। ऐसे में सवारियों की दिक्कतें बढ़ जाती है। हैरानी की बात तो यह है कि बसों की कमी के चलते चंबा डिपो से दूसरी बस नहीं भेजी गई। ऐसे में सवारियां किसी जुगाड़ या फिर पैदल ही अपने गंतव्य तक पहुंचीं।
राजपुरा में बस खराब, यात्री रहे परेशान
चंबा से भंजराडू की तरफ जा रही सरकारी बस बुधवार को सुबह सात बजे राजपुरा के पास ही खराब हो गई। ऐसे में सवारियों को दूसरी बस में बैठकर अपने गंतव्य तरफ निकलना पड़ा।
