chambaHimachal Pradesh

चम्बा मे एक माह से 10 जगह धूल फांक रहीं है सरकारी बसें

Spread the love

परिवहन निगम रूट बंद करने को मजबूर
बसों की कमी नहीं हो रही पूरी, यात्री परेशान
बनीखेत, बाथरी, भंजराडू, सुंदला में खराब खड़ी हैं बसें

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
चंबा। पथ परिवहन निगम चंबा डिपो की बसें एक माह से दस अलग-अलग स्थानों पर धूल फांक रही हैं। ऐसे में निगम प्रबंधन रूट बंद करने पर मजबूर हो रहा है। क्योंकि, पहले से ही बसों की कमी पूरी नहीं हो पा रही है और दस से अधिक बसें सड़क किनारे खराब खड़ी हैं। वर्तमान में बनीखेत, बाथरी, भंजराडू, सुंडला, घूम सहित अन्य क्षेत्रों में बसें एक माह से धूल फांक रही हैं। ऐसे में इन बस रूटों के बंद होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बार- बार लोग निगम प्रबंधन से इन बसों की मरम्मत कर इन्हें चलाने की मांग कर रहे हैं लेकिन, समस्या का आज दिन तक समाधान नहीं हो पाया है। जिला चंबा के लगभग 190 से अधिक रूट हैं, जिनमें 20 लंबे रूट शामिल हैं। हालांकि, लोकल रूटों पर बसें चलती हैं लेकिन, कई रूटों पर बसों का संचालन नहीं किया जा रहा है। इसका कारण सड़क किनारे खराब खड़ी बसें हैं। ऐसा ही चलता रहा है तो जो बसें रूटों पर चल रही हैं, वे भी खटारा हो जाएंगी। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ेगा। साथ ही निगम प्रबंधन को भी घाटा होगा।
एचआरटीसी के डीएम शुगल सिंह का कहना है कि यह मामला ध्यान में है। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर बसें खड़ी हैं, उनकी जल्द मरम्मत कर रूटों पर चला दिया जाएगा।