शिमला की कार लिफ्ट पार्किंग से तीन युवक चिट्टे सहित गिरफ्तार, मामला दर्ज, छानबीन शुरू
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की छानबीन
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
शिमला पुलिस ने लिफ्ट वाली कार पार्किंग में कार सवार तीन अंतरराज्य ड्रग पेडलरों को चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.810 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। सदर पुलिस थाना शिमला के पुलिस कर्मी गश्त पर लिफ्ट पार्किंग कार्ट रोड शिमला के पास मौजूद थे तो कार पार्किंग की दूसरी मंजिल पर एक कार में कुछ लोग बैठे हुए थे। पुलिस टीम ने छानबीन के दौरान कार के डैशबोर्ड के पास एक लुढक़ा हुआ नोट और आधा जला हुआ फॉयल पेपर दिखा।
पुलिस ने संदेह के आधार पर कार सवार लोगों को हिरासत में लिया। कार सवार लोगों की पहचान हैप्पी ढांडा निवासी पलाही गेट मोहल्ला फगवाड़ा (33), निहाल कुमार निवासी वह्मिया खुर्द जीएस एस्टेट मुंडिया कलां पंजाब (28) और मुकेश टंडन निवासी फगवाड़ा (33) के रूप में हुई है। एसपी शिमला संजीव गांधी का कहना है कि पुलिस ने चिट्टे के साथ पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
