Himachal Pradesh

PWD की हर टेंडर कॉस्ट का होगा ऑडिट, CM ने लोक निर्माण विभाग में भी किया व्यवस्था परिवर्तन का दावा

Spread the love

संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लोक निर्माण विभाग में भी किया व्यवस्था परिवर्तन का दावा
पीडब्ल्यूडी की समीक्षा बैठक में मंगलवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार अब पीडब्ल्यूडी में भी व्यवस्था परिवर्तन करने जा रही है। विभाग में टेंडर कॉस्ट का ऑडिट होगा। इसके अलावा भविष्य में सडक़ों की जानकारी ऐप पर उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने विभाग को सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने टेंडर अवार्ड करने की समय सीमा कम करने के बाद अब पीडब्ल्यूडी के टेंडर का कॉस्ट ऑडिट कराने का निर्णय लिया है। इससे वास्तविक कॉस्ट पर टेंडर अवार्ड किए जा सकेंगे। इस व्यवस्था के माध्यम से टेंडर आबंटित होने के बाद राजस्व की बचत होने की संभावना रहेगी। गौरतलब है कि बीते साल राज्य सरकार ने टेंडर आबंटन को 60 दिन से घटाकर 30 दिन कर दिया था। इस व्यवस्था की वजह से टेंडर प्रक्रिया तेज हो गई थी। राज्य सरकार ने टेंडर प्रक्रिया को पूरा करने में दस दिन की व्यवस्था की थी, जबकि आगामी बीस दिन में टेंडर लैटर अवार्ड किए जा रहे हैं। इस फैसले के बाद इसी साल फरवरी माह में नाबार्ड के तहत 62 प्रोजेक्ट की टेंडर प्रक्रिया को रिकार्ड 30 दिन में पूरा किया गया था। 495 करोड़ रुपए से ज्यादा के प्रोजेक्ट इस फैसले के बाद सबसे पहले शुरू हुए थे।
इस मौके पर पीडब्ल्यूडी के प्रमुख अभियंता एनपी सिंह ने बताया कि विभाग ऐप और टेंडर कॉस्ट का ऑडिट दोनों पर भविष्य में काम करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू को विभाग के कार्यों की जानकारी भी साझा की है।