Himachal PradeshMandiNational

सियाचिन में मंडी का वीर सपूत शहीद, अचानक तबीयत बिगडऩे से हवलदार नवल किशोर ने पिया शहादत का जाम

Spread the love

लेह में ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगडऩे से हवलदार नवल किशोर ने पिया शहादत का जाम
सदर विधानसभा क्षेत्र मंडी की सदोह पंचायत का वीर सपूत अति कठिन परिस्थितियों की बीच सियाचिन लेह में देश की सेवा करते हुए शहीद हो गया है। शहीद 28 वर्षीय हवलदार नवल किशोर पुत्र भगत सिंह निवासी जलौण गांव ने सियाचिन में शहादत का जाम पिया है। बताया जा रहा है कि रविवार को अचानक नवल किशोर की तबीयत बिगड़ गई और फिर उन्हें बचाया नहीं जा सका। नवल किशोर की पार्थिव देह मंगलवार को हवाई मार्ग से सीधे मंडी या फिर चंडीगढ़ पहुंचने की संभावना है। नवल किशोर की डेढ़ वर्ष पहले ही शादी हुई थी और इस छोटे से अरसे में पति-पत्नी का साथ सदा के लिए छूट गया। नवल किशोर की शहादत की खबर के बाद पूरा सदर क्षेत्र गमगीन है। अढ़ाई महीने पहले ही नवल किशोर चार दिन की छुट्टी काट कर सियाचिन गए थे और अब मार्च में नवल ने फिर से छुट्टी आना था। नवल ने शनिवार को अपने माता-पिता से बात की थी।, जबकि रविवार रात को उनके शहीद होने की सूचना आ गई। एक सैन्य अधिकारी ने नवल के पिता को रविवार रात यह दुखभरी सूचना फोन पर दी, जिसे सुनते ही पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
आर्मी जवान हवलदार नवल किशोर की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले श्वेता से हुई थी। जहां नवल आर्मी में अपनी सेवाएं दे रहा थे, वहीं पत्नी हिमाचल प्रदेश पुलिस में किन्नौर जिला में कार्यरत हैं। श्वेता आजकल छुट्टियों पर घर आई हैं और घर पर ही उन्हें पति की शहादत की सूचना मिली। नवल किशोर अभी महज 28 वर्ष के ही थे और 2017 में जैक राइफल में भर्ती हुए थे। मौत की खबर सुनकर नवल किशोर के परिवार का हाल बेहाल है।