chambaHimachal Pradesh

चंबा-पठानकोट एनएच पर तीन आरोपी अरेस्ट

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

पुलिस ने नाके पर पकड़ा 12.10 ग्राम चिट्टा, मामला दर्ज कर जांच तेज
चंबा-पठानकोट एनएच पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान कार सवार तीन युवकों से 12.10 ग्राम चिटटे की खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर हवालात में बंद कर दिया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत से रिमांड पर लेने के बाद चिट्टे खेप की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार सदर पुलिस थाना की टीम ने पठानकोट एनएच पर मुकरेठी के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान बनीखेत से चंबा की ओर आ रही कार को निरीक्षण के लिए रोका गया। पुलिस टीम को देखकर कार में सवार तीनों युवक घबरा गए। पुलिस को युवकों की गतिविधियां संदिग्ध दिखने पर कडाई से पूछताछ की।
पुलिस की पूछताछ में कार सवार युवकों ने अपनी पहचान प्रवीण कुमार वासी गांव लुठनू तहसील डलहौजी जिला चंबा, जोरावर सिंह और हरप्रीत सिंह दोनों वासी गांव जीतोसर्जा तहसील बटाला जिला गुरदासपुर के तौर पर बताई। पुलिस ने संदेह के आधार पर कार की तलाशी दौरान तीनों के कब्जे से 12.10 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सदर पुलिस थाना में मामला दर्ज किया है। उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर जितेंद्र चौधरी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। उन्होंने दोहराया कि जिला में सक्रिय नशा माफिया की धरपकड़ हेतु अभियान लगातार जारी रहेगा।