धर्म के नाम पर राजनीति हरगिज नहीं होनी चाहिए
शिमला में बोले रॉबर्ट वाड्रा जाखू मंदिर में टेका माथा
प्रियंका संसद में उठाएंगी महिलाओं के हित के मुद्दे
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
बिजिनेस मैन और गांधी परिवार के दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने कहा है कि देश में धर्म की राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वे मस्जिदों में हो रहे सर्वे के खिलाफ हैं। रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि देश के सभी नागरिकों का सम्मान करना चाहिए। रॉबर्ट वाड्रा ने शुक्रवार को शिमला के ऐतिहासिक जाखू मंदिर में शीश नवाने के बाद यह बात कही। रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के एक कॉलेज का नाम वीर सावरकर के नाम की जगह उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के नाम पर रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के नाम पर किसी विश्वविद्यालय का नाम रखा जाता है, तो वे इसका सम्मान करेंगे। रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि गांधी परिवार भेदभाव की राजनीति नहीं करता है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका दोनों देश के हित में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी संसद में महिलाओं, किसानों और समाज के वंचित वर्गों की आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने यहा ं विशेष पूजा-अर्चना की। रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि जाखू मंदिर में आकर माथा टेकना उनके लिए बहुत जरूरी था। उन्होंने अपने, प्रियंका, बच्चों और पूरे परिवार समेत पूरे देश के लिए प्रार्थना की है। इस दौरान रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि वे अकसर शिमला आते रहेंगे। यहां उनके घर है। गौरतलब है कि वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी भी इन दिनों शिमला में हैं।
