चंबा:मसरूंड वन परिक्षेत्र में विजिलैंस की दबिश, कसमल मामले की जांच शुरू
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
चम्बा: चम्बा जिले के वन परिक्षेत्र मसरूंड में अवैध रूप से उखाड़ी जा रही कसमल की जांच शुरू हो गई है। बुधवार को विजिलैंस विभाग चम्बा की टीम ने निरीक्षक अश्विनी कुमार की अगुवाई में क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान जगह-जगह भारी मात्रा में कसमल के ढेर पाए गए। कुछ स्थानों पर मजदूरों द्वारा उखाड़ी गई कसमल की जड़ों को गाड़ियों में भरा जा रहा था। मौके पर मौजूद कामगारों से पूछताछ की गई। हालांकि कसमल की खरीद-फराेख्त का अब तक कोई रिकॉर्ड नहीं मिल पाया है। यह कशमल निजी भूमि से निकाल कर ठेकेदार को बेची गई है या या वन भूमि से उखाड़ी गई है, इसको लेकर भी पूछताछ चल रही है।
बता दें कि स्थानीय लोगों ने वन विभाग की मसरूंड रेंज में कसमल के अवैध कारोबार की विजिलैंस में शिकायत की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि वन भूमि से धड़ल्ले से कसमल उखाड़ी जा रही है, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। सड़कों के किनारे व जगह-जगह बड़ी मात्रा में कसमल की जड़ों के ढेर लगे हुए हैं। निजी भूमि पर कसमल उखाड़ने की आड़ में वनों को नष्ट किया जा रहा है। माफिया वन संपदा का दोहन कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर विजिलैंस की टीम ने क्षेत्र में दबिश दी और जांच शुरू की। वहीं जांच पूरी होने तक कसमल की जड़ों के निर्यात पर भी रोक लगा दी है।
डीएसपी विजिलैंस अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर विभाग की टीम ने वैरिफिकेशन के लिए क्षेत्र का दौरा किया है। आगामी जांच चल रही है। उधर, मुख्य वन अरण्यपाल अभिलाष दामोदरन ने बताया कि जिले के हिमगिरी क्षेत्र में कसमल उखाड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है। अगर मसरूंड रेंज में भी वन भूमि से कसमल उखाड़ने की शिकायत मिलती है तो यहां पर भी कसमल उखाड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।
