Himachal Pradesh

ई-बसों की खरीद प्रक्रिया में तेजी लाएं

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

एचआरटीसी की समीक्षा बैठक में सीएम के अफसरों को निर्देश
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को 327 ई-बसों की खरीद प्रक्रिया में तेेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीद प्रक्रिया से संबंधित सभी औपचारिकताएं समयबद्ध पूर्ण करने को कहा। उन्होंने कहा कि दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए 100 मेटाडोर मिनी बसों की खरीद भी की जाएगी। इन बसों की उपलब्धता होने से एचआरटीसी की वित्तीय स्थिति और सेवाओं में भी और सुधार सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समर्पित सेवाओं के कारण निगम की वित्तीय स्थिति में निरंतर सुधार दर्ज किया जा रहा है और निगम की आय में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी की कार्यशैली को दक्ष बनाने के लिए नवीन प्रौद्योगिकी का उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।
एचआरटीसी ने अपनी बसों में कैशलेस भुगतान विकल्प भी शुरू किया है। हिमाचल प्रदेश परिवहन क्षेत्र में ऐसी सुविधाएं प्रदान करने वाला पहला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी राज्य की जीवन रेखा की तरह कार्य कर रहा है इसलिए लोगों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करना निगम का सर्वोच्च दायित्व है। मुख्यमंत्री ने निगम के मंडल व क्षेत्रीय कार्य स्तर तक प्रदर्शन तथा आय व व्यय की समीक्षा भी की और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री के सलाहकार आधारभूत संचरना अनिल कपिल, अतिरिक्त मुख्य सचिव आरडी नजीम, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, एचआरटीसी के प्रबंधक निदेशक रोहन चंद ठाकुर, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।