केंद्र जमीन दे, घर हम बनवाएंगे, केजरीवाल ने फेंका एक और पासा, पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी
दिल्ली के सभी सफाई कर्मचारियों और अन्य सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बड़ा वादा किया है। उन्होंने कहा है कि अगर केंद्र सरकार जमीन दे दे, तो दिल्ली सरकार वहां सफाई कर्मचारियों के लिए घर बनवा देगी। उन्होंने कहा कि पहले यह योजना सफाई कर्मचारियों के लिए लाई जाएगी, फिर बाद में अन्य सरकारी कर्मचारियों के लिए भी दिल्ली सरकार घर बनाएगी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी जब रिटायर हो जाता है, तो सडक़ पर आ जाता है। उसके पास इतने पैसे नहीं होते कि घर खरीद सके। उन्हें झुग्गी में रहना पड़ता है। मैंने प्रधानमंत्री को लेटर लिखा है कि दिल्ली में सरकारी कर्मचारियों के लिए योजना बनाई जाए, जिसके तहत सबसिडी पर केंद्र सरकार जमीन दे दे, तो घर दिल्ली सरकार बनाएगी और इसे सफाई कर्मचारियों को दिया जाएगा।
एनडीएमसी और दिल्ली नगर के सफाई कर्मचारियों से इस योजना की शुरुआत की जाए। इसके तहत केंद्र सरकार जमीन दे, दिल्ली सरकार उस पर घर बनवा दे। इसके बाद सफाई कर्मचारी अपनी रिटायरमेंट से पहले आखिरी के कुछ सालों में अपनी सैलरी से किश्ते कटवाएं, ताकि रिटायरमेंट के बाद उनके पास एक घर हो। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीबों के बारे में है, ऐसे में उम्मीद करता हूं कि पीएम मोदी इसके लिए राजी होंगे। अरविंद केजरीवाल ने बताया कि इस हाउजिंग स्कीम की शुरुआत एमसीडी और एनडीएमसी के सफाई कर्मचारियों से की जाएगी। नौकरी के दौरान ही सफाई कर्मचारी किश्तों में घर खरीद सकेंगे और रिटायर होने के बाद वह इसमें शिफ्ट हो सकेंगे।
