बिहार में पीठसीन अधिकारियों के सम्मेलन में क्या बोले विधानसभा अध्यक्ष पठानिया, जानिए
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
मजबूत लोकतंत्र से सही फैसले लेगी सरकार
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने कहा कि सम्मेलन में संविधान की 75वीं वर्षगांठ संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने में संसद और विधानमंडलों की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर गहन विचार-विमर्श किया गया और सार्थक चर्चा की गई। इसके दूरगामी परिणाम होंगे। श्री पठानिया ने कहा कि सम्मेलन में चर्चा उपरांत सभी अपने-अपने राज्य चले जाएंगे और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि चर्चा से निकले निष्कर्ष पर सभी अपने-अपने राज्य में चिंतन करेंगे और सरकारों को भी अवगत करवाएंगे। बिहार की राजधानी पटना में आयोजित 85वें अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन का गत सायं विधिवत समापन हो गया। समापन समारोह की अध्यक्षता बिहार राज्य के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने की, जबकि इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा के उपसभापति डा. हरिवंश, बिहार विधान परिषद अध्यक्ष अवधेश नारायण सिंह, बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव, बिहार विधानसभा उपाध्यक्ष, विधानपरिषद उपाध्यक्ष और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा भी मंच पर मौजूद थे।
मजबूत लोकतंत्र सरकार को ताकत और सही निर्णय लेने की शक्ति प्रदान करेगा। सम्मेलन के समापन उपरांत पटना स्थित खाजे क्लां तट पर पीठासीन अधिकारियों के लिए आयोजित गंगा महाआरती कार्यक्रम में भी पठानिया शामिल हुए और पूजा-अर्चना की। पठानिया ने पटना स्थित बापू टावर और बिहार म्यूज्यिम का भी दौरा किया। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान का हिमाचली टोपी पहनाकर स्वागत किया।