Himachal PradeshKangra

पालमपुर-रक्कड़ में जल्द बनेगा हेलिपोर्ट, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बोले, इसी महीने जारी होंगे टेंडर

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

राज्य सचिवालय धर्मशाला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ठाकुर ने बुधवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला में क्रियान्वित की जा रही विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार जिला कांगड़ा में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। देहरा विधानसभा क्षेत्र के बनखंडी में अंतरराष्ट्रीय स्तर का जूलॉजिकल पार्क स्थापित किया जा रहा है, जिसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, और यह कार्य अप्रैल, 2026 तक पूर्ण होने का अनुमान है। रक्कड़ और पालमपुर में हेलिपोर्ट के निर्माण के लिए निविदाएं इस माह आमंत्रित की जाएंगी।
इसके अतिरिक्त, पठानकोट-मंडी और मटौर-शिमला फोरलेन राजमार्ग का निर्माण कार्य जारी है, जिसे उन्होंने स्पीडअप करने के निर्देश दिए। सीएम ने इन सडक़ों पर पांच मीटर का मध्य क्षेत्र रखने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने अधिकारियों को कांगड़ा जिला में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने और हरित पंचायतें विकसित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली, उप-मुख्य सचेतक केवल पठानिया, विधायक संजय रतन व मलेंद्र राजन और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कांगड़ा जिला में 8894 किसान कर रहे प्राकृतिक खेती
सीएम ने कहा कि सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर ग्रामीण आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए प्रयासरत है। जिला कांगड़ा में 8894 किसानों ने प्राकृतिक खेती को अपनाया है। प्रदेश सरकार ने 294 किसानों से प्राकृतिक खेती से उत्पादित 48.32 मीट्रिक टन मक्की की खरीद की है।