Himachal PradeshShimla

शिमला-धर्मशाला के बीच उड़ेंगे दो जहाज, एलाइंस एयर ने घोषित किया प्लान

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

30 मार्च से 25 अक्टूबर तक एलाइंस एयर ने घोषित किया प्लान
समर सीजन में शिमला से अमृतसर और अमृतसर से कुल्लू भी सेवा

आगामी समर सीजन में राज्य के तीनों हवाई अड्डों कांगड़ा, शिमला और कुल्लू में हवाई सेवाएं बढ़ाने वाली है। उड़ान स्कीम के तहत हवाई सेवाएं चला रही एलाइंस एयर ने 30 मार्च से 25 अक्टूबर 2025 के सीजन के लिए हवाई सेवाओं और समय में बदलाव किया है। इससे पहले फरवरी और मार्च महीने के लिए हवाई किराए में कटौती की गई थी। अब एलाइंस एयर दिल्ली, शिमला, धर्मशाला और दिल्ली, धर्मशाला, शिमला के बीच दोनों तरफ से सेवा शुरू करेगा। इसमें से दिल्ली, शिमला या दिल्ली, धर्मशाला उड़ान स्कीम के तहत हवाई सेवा होगी, जबकि धर्मशाला से शिमला के बीच राज्य सरकार वायबिलिटी गैप फंडिंग के तहत सस्ता किराया उपलब्ध करवाएगी। वर्तमान में सिर्फ एक तरफ से ही शिमला से धर्मशाला के लिए हवाई सेवा है। नए प्लान के मुताबिक 30 मार्च से दिल्ली से शिमला, शिमला से धर्मशाला, धर्मशाला से शिमला और शिमला से दिल्ली उड़ान हर सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी।
इसी तरह दिल्ली से धर्मशाला, धर्मशाला से शिमला, शिमला से धर्मशाला और धर्मशाला से दिल्ली उड़ान हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। यह गैप इसलिए देना पड़ा है, क्योंकि शिमला एयरपोर्ट पर एक ही पार्किंग बे है। दूसरा जहाज एक साथ यहां पार्क नहीं होता। कांगड़ा के गग्गल एयरपोर्ट पर यह दिक्कत नहीं है। एलाइंस एयर ने फरवरी और मार्च महीने के लिए न्यूनतम किराए में कटौती कर दी थी और अब मात्र 1700 रुपए में भी टिकट मिल रहा था। समर सीजन के लिए भी अभी यही किराया रखा गया है।