Himachal Pradesh

पठानकोट द्रमण रूट की बस का स्टेयरिंग लॉक टूटा, बाल-बाल बचीं 30 सवारियां

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

पठानकोट-द्रम्मण रूट पर पठानकोट डिपो की एचआरटीसी बस बुधवार सुबह 11:00 बजे बड़े हादसे का शिकार होने से बच गई। कामला के पास पहुंचने पर बस का स्टेयरिंग लॉक टूट गया। इस दौरान बस में 30 सवारियां बैठी हुई थीं। बस चालक को स्टेयरिंग लॉक के टूटने का आभास होने पर उसने बिना वक्त गंवाए ब्रेक लगाकर बस को सड़क किनारे पार्क कर दिया। परिचालक ने सभी सवारियों को बस से नीचे उतारा। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी दूसरी बस न आने पर सवारियाें को मजबूरन निजी टैक्सी और अन्य वाहन हायर कर अपने गंतव्य की ओर से रवाना होना पड़ा। कुल मिलाकर चंबा डिपो के साथ-साथ अब पठानकोट डिपो की बसें भी खटारा होती जा रही हैं, जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
यात्रियों सुजल कुमार, राहुल कुमार, सचिन कुमार, विशाल कुमार, हीना कुमारी, रीना कुमारी, जानवी कुमारी आदि ने बताया कि इस रूट पर पहले भी बस खराब हो चुकी है। बुधवार को भी बस का स्टेयरिंग लॉक टूटने से बड़ा हादसा टल गया। निगम प्रबंधन यात्रियों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रहा है। बिना मरम्मत के बसों को रूट पर भेजने पर अगर सवारियों को कुछ क्षति पहुंचती है तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी। अब तो सरकारी बसों में सफर करने का भय लगता है। बस में तकनीकी खराबी के चलते कहीं पर भी इसके पहिये थम जाते हैं। उन्होंने परिवहन निगम के प्रबंधक से मांग की है कि बसों की अच्छे से मरम्मत करने के बाद ही उन्हें रूटों पर भेजें।