Himachal Pradesh

E-KYC : हिमाचल में 15 फरवरी तक पूरी नहीं हो पाएगी बिजली की ईकेवाईसी, यह है कारण

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

अभी 85 फीसदी तक हुआ काम, 23 लाख में से 20 लाख मीटर हुए काउंट, 15 सब डिवीजनों में 100 फीसदी काम पूरा
हिमाचल प्रदेश में तय टारगेट के अनुसार बिजली मीटरों की ई-केवाईसी का काम पूरा होता नहीं दिख रहा है। अब तक 85 फीसदी तक काम हुआ है और अभी भी 15 फीसदी काम बच गया है। यानि 15 फीसदी मीटरों की ई-केवाईसी नहीं हो पाई है। शेष तीन दिन बचे हैं जिसमें यह काम पूरा नहीं होगा। अब सरकार को फैसला लेना होगा कि उन शेष बचे बिजली मीटरों पर क्या करना है। सरकार ने 15 फरवरी तक की डेडलाइन दी थी जिसमें से 100 फीसदी काम केवल 15 सब डिवीजनों में ही पूरा हो सका है। इसकी विस्तृत जानकारी सामने आई है और जो आंकड़ा सामने आया है उसके अनुसार अभी कई ऐसे सब डिवीजन हैं जहां पर 70 से 80 फीसदी तक ही ई-केवाईसी हो सकी है।
यहां बता दें कि कुछ सब डिवीजन ऐसे भी हैं जहां 50 से 60 फीसदी तक ही काम हुआ है। जिन 15 सब डिवीजनों ने 100 फीसदी तक ई-केवाईसी तय बिजली मीटरों पर कर दी है उनमें अंब का भरवाईं सब डिवीजन, मुबारकपुर सब डिवीजन, नेहरियां सब डिवीजन, बड़सर सब डिवीजन, बुहार सब डिवीजन, गोहर का बग्गी, ज्वालामुखी का खुंडियां, जोगिन्द्रनगर सब डिवीजन नंबर दो, करसोग का पांगणा, काजा, उदयपुर, बगथान, राजगढ़ का चारना, राजगढ़ का पनोग, रामपुर का ननखड़ी और ऊना का सब डिवीजन नंबर दो शामिल हैं। इनमें पूरा काम कर दिया गया है।
यहां बता दें कि 23 लाख 55 हजार 966 बिजली मीटरों की ई-केवाईसी बिजली बोर्ड के कर्मचारियों द्वारा की जानी है जिनका टारगेट रखा गया है जिसमें से अब तक 20 लाख 08 हजार 703 बिजली मीटरों की केवाईसी कर दी गई है। सरकार ने 15 फरवरी तक सभी उपभोक्ताओं को केवाईसी करवाने को कहा था मगर 15 फीसदी उपभोक्ता इसमें दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं और अब तक बोर्ड 85 फीसदी तक काम पूरा कर सका है