Himachal Pradesh

नशे की लत, मानसिक परेशानी से छुटकारा दिलाएगी टेली मानस एप

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

जिले के 600 सरकारी स्कूली के बच्चों को किया जाएगा जागरूक
जिला स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि 14416 और 1800-891-4416 टोल फ्री नंबर पर कॉल कर सकते हैं। कोई भी परामर्श ले सकता है। बता दें कि लोगों को इस बारे में जानकारी न होने के कारण काफी दिक्कतें पेश आती थीं। लोग इसको लेकर जागरूक हों इसलिए यह पहल शुरू की गई है।एप से सातों दिन 24 घंटे मिलेगा परामर्श

शिमला। नशे की लत और मानसिक परेशानी से अब टेली मानस एप छुटकारा दिलाएगी। जिला स्वास्थ्य विभाग ने स्कूली बच्चों के लिए यह पहल शुरू की है। स्वास्थ्य विभाग स्कूलों में बैनर लगाएगा। बैनर पर क्यूआर कोड होगा। इस कोड को स्कैन करके बच्चे अपने मोबाइल पर टेली मानस एप डाउनलोड कर सकेंगे। वहीं मानसिक परेशानी का समाधान काउंसलर करेंगे।
जिला स्वास्थ्य विभाग ने 600 सरकारी स्कूलों का चयन किया है। यहां पर विभाग जागरुकता को लेकर बैनर लगाएगा। विभाग का कहना है कि अधिकांश बच्चे डर के चलते मानसिक रूप से परेशानी को बताने से कतराते हैं। इस वजह से मुश्किलें बढ़ जाती हैं। इसके अलावा अभिभावक भी अपने बच्चों को अस्पताल लाने से कतराते हैं। यही वजह है कि स्वास्थ्य विभाग स्कूलों में जाकर इसको लेकर जागरुकता अभियान सोमवार से चलाने जा रहा है। विभाग का कहना है कि एप के जरिये मानसिक परेशान बच्चों और बड़ों के लिए सातों दिन 24 घंटे परामर्श मिलेगा। इसके अलावा अगर अस्पताल जाने की जरूरत होगी तो इसकी जानकारी भी काउंसलर ऑनलाइन देगा। जिला मेंटल हेल्थ प्रोग्राम अधिकारी डॉ. विनीत लखनपाल ने यह जानकारी दी हैं।