Himachal PradeshShimla

शिमला से चोरी 243 पाइपें सोलन से बरामद

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

आईपीएच के नोग कांची स्टोर से हुई थी चोरी, ट्रक चालक फरार
शिमला पुलिस ने कुमारसैन के नोग कांची आईपीएच स्टोर से चोरी हुई पानी की पाइपों से भरा ट्रक सोलन के आंजी से पकड़ा है। शिमला पुलिस की टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की पाइपों से भरा ट्रक पकड़ा है। बताया जा रहा है कि आरोपी ट्रक चालक आईपीएच के स्टोर से चोरी की हुई पानी की पाइपें हरियाणा ले जाने की फिराक में था। इससे पहले कि आरोपी चोरी की पाइपें लेकर प्रदेश का बॉर्डर क्रॉस करता, शिमला पुलिस ने सोलन के आंजी में पाइपों से भरे ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस की टीम ने ट्रक से करीब 243 पाइपें बरामद की हैं। पुलिस पता लगा रही है कि चोरी की वारदात में कौन-कौन लोग शामिल हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना कुमारसैन में जल शक्ति विभाग के जेई प्रदीप कुमार पुत्र रोशन लाल निवासी ग्राम प्रलिसेरी डाकघर महोग तहसील करसोग जिला मंडी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि तीन और चार मार्च की रात को कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने आईपीएच स्टोर के पास नोग कांची से लगभग 100 जीआई पाइप चोरी कर ली।
शिमला पुलिस की टीम ने जलशक्ति विभाग के जेई की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए चोरी की पाइपों से भरे ट्रक को सोलन के आंजी से पकड़ा है। हलांकि आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार है। मामले की जांच को लेकर पुलिस ट्रक मालिक से भी पूछताछ कर रही है। एएसपी शिमला नवदीप सिंह का कहना है कि पुलिस ने कुमारसैन के नोग कांची आईपीएच स्टोर से चोरी हुई पानी की पाईपों से भरा ट्रक सोलन के आंजी से पकड़ लिया है। आरोपी ट्रक चालक पाईपें हरियाणा ले जाने की फिराक में था। एएसपी नवदीप सिंह कहा कि पुलिस ने पाइपों से भरे ट्रक को कब्जे में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।