Himachal Pradesh

सीएम सुक्खू 17 मार्च को पेश करेंगे बजट, ये होगा समय

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

अब शनिवार को भी चलेगी विधानसभा की कार्यवाही
विधायकों ने अब तक पूछे हैं कुल 963 सवाल
बजट सत्र के दौरान 22 व 27 मार्च को प्राइवेट मेंबर डे
अध्यक्ष बोले, विशेषाधिकार हनन के मामले अंडर कंसीड्रेशन

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के 10 मार्च से शुरू हो रहे बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल अपना अभिभाषण देंगे और इस दिन सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे से शुरू होगी। पहले दिन प्रश्नकाल नहीं होगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने कार्यकाल का तीसरा बजट 17 मार्च, सोमवार को प्रस्तुत करेंगे और अहम बात है कि उनका बजट भाषण भी दोपहर दो बजे से होगा। उस दिन भी सोमवार होने के चलते सदन की कार्यवाही दोपहर में ही शुरू होगी। इस सत्र में एक और अहम बात यह है कि शनिवार को भी विधानसभा की कार्यवाही चलेगी। अमूमन शनिवार को अवकाश रहता था, परंतु इस बार ऐसा नहीं है। विधानसभा के बजट सत्र को लेकर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में महत्त्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि 17 मार्च को मुख्यमंत्री जो बजट पेश करेंगे, उस पर चार दिनों तक चर्चा होगी। इसके बाद मांगों और अनुदानों पर चर्चा की जाएगी और 26 मार्च को बजट को पारित किया जाएगा। पूरे सत्र में कुल 16 बैठकों का आयोजन किया जाएगा। 10 तारीख को राज्यपाल अपना अभिभाषण देंगे, जिसके बाद उस पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पूरे सत्र में रविवार के अलावा केवल होली के त्यौहार की छुट्टी होगी। उन्होंने कहा कि इस बार बिजनेस काफी ज्यादा है, लिहाजा शनिवार को भी सदन लगेगा। 22 और 27 मार्च प्राइवेट मेंबर डे के लिए रखे गए हैं।