मिड-डे मील खाने वाला एक भी बच्चा नहीं, पोर्टल पर भर दिए 80; किसके लिए बन रहे थे पनीर चावल
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
सोलन जिले के सीनियर सेकेंडरी स्कूल दिग्गल में एक भी बच्चा एमडीएम खाने वाला नहीं था, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने एएमएस पोर्टल पर खाना खाने वाले बच्चों की संख्या 80 अंकित की हुई थी।
बच्चों को दिए जाने वाला दोपहर भोजन (एमडीएम) में स्कूल प्रबंधक का एक बड़ा कारनामा सामने आया है। वीरवार को सीनियर सेकेंडरी स्कूल दिग्गल में एक भी बच्चा मौजूद नहीं था, लेकिन एमडीएम के एएमएस पोर्टल में खाना खाने वालों की संख्या 80 लिख दी, इसका खुलासा स्कूल के औचक निरीक्षण के दौरान हुआ। इसमें पाया कि बच्चा एक भी न होने के बाद एमडीएम किचन में पनीर-चावल बन रहे थे, लेकिन अभी तक इसका खुलासा नहीं हुआ है, कि आखिर यह पनीर किसके लिए बनाया जा रहा था।
शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधक को नोटिस जारी कर इसका जवाब मांग लिया है। जिसकी जांच भी बिठाई जा रही है। जानकारी के अनुसार जिला एमडीएम नोडल अधिकारी को दिग्गल स्कूल की काफी समय से शिकायतें मिल रही थी। वीरवार को नोडल अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी को स्कूल का औचक निरीक्षण करने के लिए कहा, जिसके बाद जब टीम ने स्कूल का निरीक्षण किया तो पाया कि स्कूल में एक भी बच्चा एमडीएम खाने वाला नहीं था, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने एएमएस पोर्टल पर खाना खाने वाले बच्चों की संख्या 80 अंकित की हुई थी।
मौके पर पाया कि एमडीएम किचन में एक बाल्टी चावल बन कर तैयार थी, जबकि गैस पर पनीर पकने के लिए चढ़ाया गया था। जब स्कूल में छठी से आठवीं तक के बच्चे वीरवार को स्कूल आए ही नहीं, तो फिर यह पनीर किसके लिए बन रहा था, इसकी जांच भी शुरू हो गई है। वहीं एएमएस पोर्टल पर एमडीएम की गलत जानकारी देने का भी कारण मांगा है। उधर, एमडीएम जिला नोडल अधिकारी राज कुमार पराशर ने कहा कि स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। इस मामले की जांच की जा रही है। जब स्कूल में विद्यार्थी नहीं आए थे, तो 80 बच्चों को खाना कैसे खिला दिया और किचन पनीर किस के लिए बन रहा था। जांच में दोषी पाए जाने वाले नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसकी रिपोर्ट निदेशालय को भी सौंपी जाएगी।
