EVM से चुनाव धोखाधड़ी, पूरी दुनिया बैलेट पर आई, AICC अधिवेशन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खडग़े का संदेश
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में हार की टीस अब भी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के मन में है। उन्होंने अहमदाबाद में कांग्रेस के अधिवेशन में कहा कि महाराष्ट्र चुनाव में धोखाधड़ी से भाजपा ने जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि विपक्ष को हराने के लिए राज्य में फ्रॉड किया गया था। यही नहीं उन्होंने ईवीएम से चुनाव कराने पर भी दोबारा सवाल उठाए। खडग़े ने कहा कि पूरी दुनिया ईवीएम से बैलेट पेपर की ओर बढ़ रही है, लेकिन हम ईवीएम का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह सब धोखाधड़ी है। इसे बंद किया जाना चाहिए और भारत में भी बैलेट पेपर से चुनाव कराने की जरूरत है।
मल्लिकार्जुन खडग़े ने कहा कि पूरी दुनिया ही अब बैलेट पर है और हम ईवीएम से चुनाव करा रहे हैं। यही नहीं मल्लिकार्जुन खडग़े ने कहा कि हम तो आजादी की दूसरी लड़ाई लड़ रहे हैं।
गुजरात पर कांग्रेस नेता बीवी श्रीनिवास के बिगड़े बोल; कहा, राहुल गांधी वेस्ट इंडिया से लड़ रहे
यूथ कांग्रेस के नेता बीवी श्रीनिवास ने गुजरात को लेकर ऐसी टिप्पणी की है, जिस पर राजनीतिक बवाल हो सकता है। उन्होंने कांग्रेस के 84वें अधिवेशन में बुधवार को कहा कि जैसे महात्मा गांधी जी ने ईस्ट इंडिया कंपनी के खिलाफ लड़ाई लड़ी। हमारे नेता राहुल गांधी वेस्ट इंडिया के खिलाफ लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार समाज के सभी वर्गों के खिलाफ है। इस सरकार ने दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों की उपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई वेस्ट इंडिया से है। यही नहीं बिना किसी का नाम लिए ही इशारों में बीवी श्रीनिवास ने कहा कि हमारी लड़ाई वेस्ट इंडिया से है। यहीं के दो लोग देश को बेच रहे हैं और यहीं के दो लोग देश को खरीदने का काम कर रहे हैं। राहुल गांधी ने संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ी है।