Himachal Pradesh

8 किलो से अधिक अफीम के साथ महिला समेत दो नेपाली तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

सोलन। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने जिले के सदर थाने क्षेत्र के अंतर्गत सलोगड़ा में पिंजौर-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक महिला सहित दो तस्करों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 8.184 किलोग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव सिंह ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि नेपाली मूल का एक पुरुष और एक महिला सोलन से शिमला जा रही बस में बड़ी मात्रा में अफीम लेकर यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे शिमला क्षेत्र में लोगों को अफीम की आपूर्ति करने की योजना बना रहे थे। सूचना के आधार पर टीम के सदस्यों ने सलोगरा के पास नाकाबंदी की और निजी बस की तलाशी ली।
गिरफ्तार किए गए दोनों लोगों के पास से 8.184 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। श्री सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि आरोपी नेपाल से अफीम की तस्करी करके हिमाचल लाए थे और शिमला क्षेत्र में लोगों को बेचने वाले थे। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।