अब शिक्षा निदेशालय भी धर्मशाला से चलेगा
गल्र्स स्कूल में डायरेक्टरेट बनाने की तैयारी, ब्वायज स्कूल बनेगा डे-बोर्डिंग
हिमाचल प्रदेश का एजुकेशन मुख्यालय बनेगा धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड के साथ अब राज्य शिक्षा विभाग का मुख्यालय भी दूसरी राजधानी धर्मशाला से चलाया जा सकता है। इसके लिए प्रदेश सरकार ऐतिहासिक फैसला लेने की तैयारी कर रही है। शिमला में बढ़ती भीड़ को कम करने और आम जनता को सुविधा देने के लिए सरकार जल्द यह बड़ा निर्णय कर सकती है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड का मुख्यालय पहले ही धर्मशाला में चल रहा है। अब कई कार्यालयों के धर्मशाला शिफ्ट होने की सूचना है। इसी बीच जिला प्रशासन ने यहां खाली होने वाले करीब एक दर्जन से अधिक भवनों की सूची बनाकर सरकार को सौंप दी है। मुख्यमत्री अपने शीतकालीन प्रवास के दौरान ब्वायज स्कूल व गर्ल स्कूल दोनों ही कैंपस का दौरा कर छात्र संख्या व कैंपस सहित भवनों की कैपेसिटी देख चुके हैं। ऐसे में धर्मशाला के एक स्कूल को डे-बोर्डिंग स्कूल बनाने और दूसरे में शिक्षा निदेशालय शुरू करने की योजना पर काम चल रहा है।
प्रदेश सरकार ने शिक्षा विभाग में इससे पहले भी अनकों रिफॉर्म किए हैं। सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में लगातार गिरती छात्र संख्या व बढ़ते खर्चों के चलते सरकार ने अब तक करीब 400 स्कूल बंद किए हैं। इतना ही नहीं, अधिक छात्र संख्या और कम टीचर वाले स्कूलों में अधिक टीचर तैनात कर छात्रों को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास भी चल रहा है। ऐसे में शिक्षा विभाग का निदेशालय धर्मशाला शिफ्ट होता है, तो इसके अनक लाभ होंगे। प्रदेश सरकार अपने संस्थानों में भवनों की स्थिति और अन्य मूलभूत स्थिति का पूरा ब्यौरा तैयार कर शिक्षा निदेशालय को यहां लाने की दिशा में काम कर रही है।
