Himachal Pradesh

विश्व पर्यावरण दिवस पर बद्दी रहा देश का सबसे प्रदूषित औद्योगिक क्लस्टर, यह रही वजह

Spread the love

ओजोन स्तर बढऩे से 249 पर पहुंच गया एक्यूआई
बढ़ा तापमान और रासायनिक प्रतिक्रियाएं बनीं वजह

विश्व पर्यावरण दिवस पर बद्दी देश का सबसे प्रदूषित औद्योगिक क्लस्टर घोषित हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा पांच जून के जारी आंकड़ों के मुताबिक बद्दी का वायु गुणवत्ता सूचकांक 249 रिकार्ड किया गया, जो देश में सबसे खराब स्तर रहा। खास बात यह रही कि इस प्रदूषण के लिए न तो धूल जिम्मेदार रही और न ही कारखानों का धुआं, बल्कि यह स्थिति ओजोन गैस के स्तर में तेज बढ़ोतरी के कारण बनी। बोर्ड के आंकड़े बताते हैं कि 25 मई को ओजोन का स्तर 83 था, जो क्रमश:26 मई को 94, 31 मई को 168, पहली जून को 177 और पांच जून को 249 तक जा पहुंचा। छह जून को यह गिरकर 189 रहा, लेकिन तब तक यह बद्दी को देश के सबसे प्रदूषित औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल कर चुका था।
उल्लेखनीय है कि इस दौरान पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे सामान्य प्रदूषक अच्छे से संतोषजनक स्तर में दर्ज किए गए। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के
सदस्य सचिव अनिल जोशी ने बताया कि यह बढ़ोतरी ओजोन के कारण हुई और इसमें चिंता जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक्यूआई में आई यह तेज बढ़ोतरी फैक्टरियों के धुएं या सडक़ों की धूल से नहीं, बल्कि लगातार अस्थिर हो रहे तापमान और सूर्य प्रकाश की तीव्रता से संबंधित है। पांच जून को आई हीट वेव ने इस प्रभाव को और अधिक तीव्र बना दिया। विशेषज्ञों के अनुसार ओजोन तब बनती है, जब वायुमंडल में मौजूद नाइट्रोजन ऑक्साइड और वोलाटाइल ऑर्गेनिक कंपाउंड्स सूर्य की रोशनी में आपस में रासायनिक प्रतिक्रिया करते हैं।