मौजां ही मौजां : खूब दौड़ रहा पर्यटन सीजन, चार महीने में 44 लाख से ज्यादा मेहमान हिमाचल आए
प्रदेश में में खूब दौड़ रहा पर्यटन सीजन; मई में आया बूम, गर्मी से निजात पाने को पहाड़ों की ओर रुख कर रहे पर्यटक
हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की आमद लगातार बढ़ रही है। जो आंकड़ा सरकार के पास है उसके मुताबिक चार महीने में अच्छी खासी संख्या में टूरिस्ट हिमाचल प्रदेश में आए हैं। इसमें और ज्यादा इजाफा वर्तमान में चल रहे टूरिस्ट सीजन से होगा, जिसके आंकड़े बहुत सुखद रहेंगे, यह तय है। इन दिनों प्रदेश में बड़ी संख्या में टूरिस्ट पहुंच रहे हैं। राज्य की पर्यटक सैरगाहें पर्यटकों से भरी पड़ी है। हालांकि इस दौरान पर्यटन क्षेत्रों में जाम की स्थिति भी विकराल हो चुकी है, मगर बड़ी संख्या में अपने वाहन लेकर टूरिस्ट यहां पहुंच रहे हैं। जनवरी से अप्रैल के अंत तक प्रदेश में 44 लाख 67 हजार 051 टूरिस्ट पहुंचे हैं। यह आंकड़ा सभी जिलों का है, जो कि जिला पर्यटन विकास केंद्रों ने पर्यटन विभाग को उपलब्ध करवाया है। अभी क्योंकि मई महीने का सीजन चल रहा है और इसमें काफी ज्यादा संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं, तो साफ है कि कुल आंकड़ा और ज्यादा बढ़ेगा। अहम बात है कि पिछले महीने बड़ी संख्या में पर्यटकों ने अपनी बुकिंग को रद्द भी करवाया, क्योंकि उस दौरान भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध की स्थिति चल रही थी। गौर हो कि पहलगाम आंतकी घटना के बाद जम्मू कश्मीर से पर्यटक निराश हुए हैं, लिहाजा टूरिस्ट ने हिमाचल का रूख किया है। पर्यटन कारोबारियों की मानें तो मई के महीने में लगभग 10 लाख से ज्यादा पर्यटक अलग-अलग सैरगाहों पर पहुंच चुके हैं।
पिछले साल के आंकड़े की बात करें, तो हिमाचल प्रदेश में पिछले साल कुल एक करोड़ 81 लाख 24 हजार 694 टूरिस्ट पहुंचे थे। यह आंकड़ा वर्ष 2023 से कुछ ज्यादा का है।
