chamba

चंबा के मिथुन ठाकुर नेशनल अकादमी में आयोजित सेमीनार में लेंगे भाग ……..

Spread the love

जिला चंबा के विकास खंड सलूणी की ग्राम पंचायत ठाकरी मट्टी के तुहीं गांव निवासी एवं कोच मिथुन ठाकुर बीसीसीआई की ओर से नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) बेंगलुरु में आयोजित सेमिनार का हिस्सा बने। मिथुन ठाकुर ने यहां क्रिकेट कोचिंग लेवल-वन का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इनका नाम एचपीसीए की ओर से प्रेषित किया गया था। मिथुन वर्ष 2006 से 2010 तक जिला चंबा की अंडर-19 वर्ग की टीम व चंबा कालेज टीम का हिस्सा रहे। 2019 के बाद जिला चंबा की ग्राम पंचायत हरिपुर के मैदान में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) की ओर से चलाए जा रहे क्रिकेट सब-सेंटर में बतौर कोच खिलाड़ियों को क्रिकेट की बारीकियां सिखा रहे हैं। इससे पूर्व उन्होंने बीसीसीआई की ओर से 30 मई से तीन जून के बीच आयोजित आनलाइन शिविर में भी प्रशिक्षण प्राप्त किया। मिथुन ठाकुर की कामयाबी पर जिला क्रिकेट संघ चंबा के संयोजक मनुज शर्मा, हरमीत भटियानी, कुलदीप, विनोद कुमार, देवेंद्र, हमीद, किशन, सुनील, अमित, गौरव बक्शी, इमरान सहित अन्य सदस्यों व खिलाड़ियों ने खुशी व्यक्त की है। मनुज शर्मा ने कहा कि जिला चंबा के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए एचपीसीए के साथ मिलकर लगातार कार्य किया जा रहा है। चंबा जिला में वर्तमान समय में पांच क्रिकेट सेंटर व सब सेंटर चल रहे हैं। पुलिस ग्राउंड बारगाह में जिला क्रिकेट सेंटर सहित हरिपुर, मैहला व बनीखेत में क्रिकेट सब सेंटर चलाए जा रहे हैं। इन सेंटर व सब सेंटर के चलाए जाने का उद्देश्य जिला के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को निखारने में मदद कर उन्हें बेहतर खिलाड़ी बनाना है। क्रिकेट सेंटर व सब सेंटर में पहुंचकर खिलाड़ी कोच से क्रिकेट की बारीकियां समझकर कला में सुधार ला रहे हैं। आने वाले समय में जिला चंबा के खिलाड़ियों को और बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने का प्रयास रहेगा, ताकि खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें। जिला के क्रिकेट खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कोच मिलने शुरू हो गए हैं। जिनका खिलाड़ियों को काफी लाभ मिल रहा है।