Crime

लडक़े को कमरे में बंद कर मौसी और भांजी को किडनैप कर ले गए शातिर, जवाली में सनसनी

Spread the love

ट्राइबल टुडे न्यूज़
पुलिस थाना जवाली के अधीन नाणा पंचायत से दो लड़कियों (मासी-भांजी) को अगवा करने का मामला प्रकाश में आया है, जिससे इलाका में सनसनी फैल गई है। जानकारी अनुसार बीरूदीन पुत्र हुसैन अली निवासी नाणा ने पुलिस थाना जवाली में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह और परिवार के सदस्य 9 मार्च को शाम 6 बजे जोलना (कोटला) में रिश्तेदार के घर शादी में गए थे। इस दौरान घर में मेरा लडक़ा बशीर अल्ली, लडक़ी सलीमा बीबी (20) व दोहती मरजीना (8) थे। इसी रात को कुछ लोग गाड़ी में आए तथा मेरे लडक़े को कमरे में बंद कर दोनों लड़कियों (मासी-भांजी) को जबरन अगवा करके ले गए।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 10 मार्च को सुबह 6 बजे जब हम शादी से वापिस घर पहुंचे तो लडक़ा कमरे में बंद था, जबकि लड़कियां घर पर नहीं थी। कमरे से आभूषण व नकदी भी गायब थी। लडक़े को कमरे से बाहर निकाला तो उसने सारी आपबीती सुनाई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनका लडक़ा 6 व्यक्तियों के नाम जानता है, जबकि अन्य का नाम नहीं जानता। शिकायतकर्ता ने बताया कि रोशनदीन, सदीक, कुकू, विनयामीन उर्फ काकू, शमाउन उर्फ मीनू, आलमदीन व दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है तथा पुलिस से गुहार लगाई है कि लड़कियों का जल्द से जल्द पता लगाया जाए व आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस बारे में एसपी नूरपुर अशोक रतन ने बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता की शिकायत पर रोशनदीन, सदीक, कुकू, विनयामीन उर्फ काकू, शमाउन उर्फ मीनू, आलमदीन व दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है तथा आरोपियों की पकड़ के लिए जाल बिछाया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।