ओंकार नए होम सेक्रेटरी जीएडी के सचिव भी हटाए

चुनाव आयोग ने 1994 बैच के आईएएस अधिकारी अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार चंद्र शर्मा को गृह और विजिलेंस विभाग का जिम्मा भी दिया है। इस पद पर पहले डा. अभिषेक जैन नियुक्त थे, लेकिन मुख्यमंत्री के सचिव होने के कारण भारत निर्वाचन आयोग ने उन्हें पद से हटा दिया था। इसके बाद नए गृह सचिव के लिए एक पैनल चुनाव आयोग ने मांगा था। तीन अधिकारियों के इस पैनल में से ओंकार चंद्र शर्मा की नियुक्ति के आदेश आयोग ने दिए हैं।
चुनाव आयोग ने होम सेक्रेटरी के बाद अब जीएडी के सेक्रेटरी को भी हटा दिया है। राज्य सरकार ने कुछ रोज पहले ही सामान्य प्रशासन विभाग का कार्यभार शिक्षा सचिव राकेश कंवर को दिया था। राकेश कंवर के पास सेक्रेटरी टू चीफ मिनिस्टर का भी कार्यभार है। मुख्यमंत्री कार्यालय में नियुक्त होने के कारण सामान्य प्रशासन विभाग से इन्हें अलग कर दिया गया है। चुनाव आयोग के निर्देश मिलने के बाद मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने इस बारे में भी आदेश जारी कर दिए।
