शांता कुमार की सलाह मानें भाजपा नेता, विपक्ष पर बरसे केवल पठानिया, सत्ता हथियाने के हो रहे प्रयास
ट्राइबल टुडे
डिप्टी चीफ व्हीप केवल सिंह पठानिया ने भाजपा नेताओं को पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार की सलाह पर चिंतन की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार का यह कथन बिलकुल सही है कि सिर्फ राम मंदिर का निर्माण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि भगवान राम के आदर्शों को जीवन में अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि भगवान राम के आदर्शों को भुलाकर भाजपा नेता धन-बल और अन्य हथकंडे अपनाकर सत्ता हथियाने की साजिशें रच रहे हैं। भाजपा को न नैतिकता की परवाह है और न ही भगवान राम के आदर्शों की, बल्कि उनके नेताओं सत्ता मोह में फंसे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के छह बागियों और तीन निर्दलियों का भाजपा में शामिल होना, इस बात की पुष्टि करता है कि सरकार गिराने की साजिशों के सूत्रधार हिमाचल भाजपा के नेता हैं। भाजपा ने ही उन्हें हेलिकॉप्टर और चार्टर्ड प्लेन की सैर कराई और एक महीने तक उन्हें महंगे फाइल स्टार होटलों में ठहराने के लिए करोड़ों रुपए की धनराशि खर्च की। उन्होंने कहा कि आज भाजपा नेता नौ पूर्व विधायकों को अपनी पार्टी में जोडक़र जश्न मना रहे हैं, नाटियां डाल रहे हैं, लेकिन अपनी पार्टी में सुलग रही चिंगारी को वे देख कर भी अनदेखा कर रहे हैं। भाजपा नेता यह भी भूल रहे हैं कि लोकतंत्र में जनता-जनार्दन ही सर्वोपरि है। सभी को जनता की अदालत में जाना होगा और प्रदेश के मतदाता लोकतंत्र के साथ हुए इस भद्दे मज़ाक़ को देख रहे हैं।
