केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ रैली करेगा ‘इंडिया’, 31 मार्च को रामलीला मैदान में होगा आयोजन
विपक्ष करेगा शक्ति प्रदर्शन
ट्राइबल टुडे
लोकसभा चुनाव-2024 से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर विपक्षी गठजोड़ इंडिया एकजुट हो गया है। 31 मार्च, 2024 (रविवार) को इंडिया गठबंधन के नेताओं की ओर से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के रामलीला मैदान में महारैली की जाएगी। विपक्ष इस बड़े कार्यक्रम के जरिए भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन करना चाहेगा। दिल्ली में रविवार को इंडिया नेताओं की प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तानाशाही कर रहे हैं। यही वजह है कि वे लोग 31 मार्च की सुबह 10 बजे रामलीला मैदान में महारैली का आयोजन करेंगे।
जो लोग संविधान से प्यार करते हैं, उनको इस बात से नफरत है। देश के पीएम केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। मौजूदा समय में समूचे विपक्ष को खत्म करने और खरीदने की कोशिश हो रही है। गोपाल राय ने आगे दावा किया कि इंडिया गठबंधन के नेताओं पर फर्जी मुकदमा लगाया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी का खाता भी सील कर दिया गया है और वह इसी वजह से प्रचार नहीं कर पा रही है। जब दिल्ली के मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया जा सकता है, तब ये लोग कुछ भी कर सकते हैं। प्रेस कान्फ्रेंस में कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख अरविंदर सिंह लवली ने बताया कि विपक्ष को समान मौके नहीं दिए जा रहे हैं। कांग्रेस के खातों पर रोक है। मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। यही वजह है कि 31 मार्च की महारैली राजनीतिक नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र को बचाने और केंद्र के खिलाफ आवाज बुलंद करने का आह्वान है। आप नेता आतिशी ने कहा कि 31 मार्च को रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की महारैली अरविंद केजरीवाल को बचाने के लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए आयोजित की जा रही है। विपक्ष को एकतरफा हमलों का सामना करना पड़ रहा है।
