भारतीय जनता पार्टी ने तय किए हिमाचल के योद्धा, मंडी से कंगना, कांगड़ा से लड़ेंगे राजीव भारद्वाज
ट्राइबल टुडे
भाजपा ने तय किए हिमाचल के योद्धा, 111 उम्मीदवारों की लिस्ट में वरुण गांधी का टिकट कटा
भाजपा ने रविवार को हिमाचल की दो सीटों सहित कुल 111 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की, जिसमें मंडी से अभिनेत्री कंगना रनौत और कांगड़ा से मौजूदा सांसद किशन कपूर की टिकट काटकर डा. राजीव भारद्वाज को मैदान में उतारा है। भाजपा ने हिमाचल की दो सीटों पर पहले ही उम्मीदवारों की घोषणा कर दी थी। हमीरपुर से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को और शिमला संसदीय सीट से मौजूदा सांसद सुरेश कश्यप को टिकट दिया गया है। अब हिमाचल की चारों सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार तय हो गए हैं और इस मामले में कांग्रेस से बाजी मार ली है। कांग्रेस ने अभी तक हिमाचल की एक भी सीट पर उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। मंडी से सांसद प्रतिभा सिंह चुनाव लडऩे से इनकार कर चुकी है।
ऐसे में कांग्रेस यहां अब नए चेहरे की तलाश में है। यही स्थिति अन्य तीन सीटों कांगड़ा, हमीरपुर और शिमला में भी बनी हुई है। उधर, 111 प्रत्याशियों की इस सूची में भाजपा ने मेरठ लोकसभा सीट से रामायण में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि पीलीभीत से अपने वर्तमान सांसद वरुण गांधी का टिकट काट दिया है। उनकी जगह कांग्रेस से आए जितिन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया गया है।
