लोकसभा चुनाव : मणिपुर-पश्चिम बंगाल में बंपर वोटिंग
लोकसभा चुनावों के दूसरे चरण में बिहार-उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के वोटरों ने दिखाई सुस्ती,
संवाददाता संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 13 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 88 सीटों पर शुक्रवार को मतदान हुआ है। 88 सीटों पर कुल 61 फीसदी वोट पड़े हंै। वहीं मणिपुर और पश्चिम बंगाल में जमकर वोट डाले गए, जबकि वहीं बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के वोटरों में सुस्ती दिखाई दी। सात बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक मणिपुर में 77 फीसदी और त्रिपुरा में 78 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं उत्तर प्रदेश में 53.80 फीसदी ही वोटिंग हुई। बिहार में भी 53.91 फीसदी के आसपास ही वोट पड़े। शाम 7 बजे तक असम- 70.68 प्रतिशत, बिहार- 54.91 प्रतिशत, छत्तीसगढ़- 72.61 प्रतिशत, जम्मू-कश्मीर- 71.51 प्रतिशत, कर्नाटक- 64.96 प्रतिशत, केरल- 65.26 प्रतिशत, मध्य प्रदेश- 55.77 प्रतिशत, महाराष्ट्र- 53.84 प्रतिशत, राजस्थान- 62.87 प्रतिशत और पश्चिम बंगाल- 71.84 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश में अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा सीट पर मतदान कराया गया है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतार लगने लगी। दोपहर तक लोग छाता लेकर धूप से बचते हुए कतार में लगते नजर आये। बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका संसदीय क्षेत्र में क्रमश: 45.58, 46.76, 46.78, 39.49 और 42.89 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण के मतदान में जबरदस्त गिरावट
एजेंसियां— लखनऊ
यूपी में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान में जबरस्त गिरावट आई है। पहले फेज से भी बेहद कम वोटिंग हुई है। कुछ सीटों पर तो 50 प्रतिशत का भी आकडा़ं पांच बजे तक पार नहीं हो सका था। पहले चरण में जहां 57 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग हुई थी आज दूसरे चरण में 53 प्रतिशत मतदान भी नहीं हो सका है। कम मतदान ने हर दल के माथे पर शिकन ला दी है। पीएम मोदी, सीएम योगी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा मतदान की अपील की थी। लेकिन किसी की अपील का कोई असर नहीं दिखाई दिया है।\ठ्ठचुनाव आयोग भी इस बात से संतुष्ट है कि पहले चरण के मुकाबले ईवीएम गड़बड़ी की शिकायतें कम मिली हैं लेकिन लाख कोशिशों के बाद भी मतदान नहीं बढऩा उनके लिए भी परेशानी का कारण है। कम मतदान को एक तरफ गर्मी से जोड़ा जा रहा है तो दूसरी तरफ कुछ और भी कारण बताए जा रहे हैं। कुछ इलाकों में अलग अलग समस्याओं के कारण मतदान बहिष्कार की भी खबरें आई हैं। \ठ्ठचुनाव आयोग के अनुसार पांच बजे तक यूपी की आठों लोकसभा सीटों पर 52.64 फीसदी वोट पड़े थे। पहले चरण में पांच बजे तक 57 फीसदी से ज्यादा वोट पड़े थे। माना जा रहा है कि शाम छह बजे तक अभी कुछ बढ़ोतरी होगी। सबसे कम वोटिंग मथुरा में हुई है। यहां पांच बजे तक केवल 46.96 प्रतिशत लोगों ने ही वोटिंग की थी।
अलीगढ़ में 54.36 प्रतिशत, अमरोहा में 61.89 फीसद, बागपत में 52.74 फीसद, बुलंदशहर में 54.34 फीसद, गौतमबुद्धनगर में 51.66 फीसद, गाजियाबाद में 48.21 फीसद और मेरठ में 54.62 फीसद मतदान हुआ था।\ठ्ठसुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ। दूसरे चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में रामायण धारावाहिक में भगवान राम की भूमिका निभा चुके भाजपा के अरुण गोविल (मेरठ), अभिनेत्री हेमा मालिनी (मथुरा), पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉक्टर महेश शर्मा (गौतमबुद्ध नगर) और अतुल गर्ग (गाजियाबाद) शामिल हैं। इनके अलावा इनमें कांग्रेस के दानिश अली (अमरोहा), राष्ट्रीय लोक दल के राजकुमार सांगवान (बागपत) और समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार व पूर्व सांसद बिजेन्द्र सिंह (अलीगढ़) का नाम भी शामिल है।
