Himachal Pradesh

नालागढ़ के बघेरी इंटरस्टेट टोल बैरियर पर हंगामा

Spread the love

संवाददाता संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,

नहीं थम रहा टोल टैक्स छूट का विवाद, लोकल ट्रक चालकों के साथ सडक़ों पर उतरे विधायक-पूर्व विधायक
औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के तहत बघेरी स्थित इंटरस्टेट टोल बैरियर पर स्थानीय ट्रक आपरेटरों व टोल बैरियर कांट्रैक्टर के बीच टोल टैक्स छूट के मसले पर उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक माह से ट्रक आपरेटरों व टोल बैरियर संचालक टोल टैक्स की छूट की मांग को लेकर आमने सामने हैं। इस मसले के बीच स्थानीय ट्रक आपरेटरों ने मुख्य सडक़ के बजाय संपर्क मार्ग से वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी, लेकिन टोल बैरियर संचालक ने उसे भी बंद करवा दिया, जिससे विवाद बढ़ गया और गुरुवार को ट्रक आपरेटर भडक़ उठे। इसी कड़ी में गुरुवार को नालागढ़ के विधायक केएल ठाकुर व पूर्व विधायक लखविंद्र राणा, योगश्वर राणा के नेतृत्व में सैंकड़ों ट्रक संचालकों ने टोल बैरियर आपरेटरों के खिलाफ बघेरी में जमकर नारेबाजी कर विरोध जताया। इस दौरान एहतियातन पुलिस ने भी मोर्चा संभाले रखा। वहीं राज्य कर एवं आबकारी सोमदत शर्मा भी मौके पर पहुंचे और ट्रक संचालकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ट्रक संचालक अपनी मांग पर अड़े रहे। नालागढ़ के विधायक केएल ठाकुर व पूर्व विधायक लखविंद्र राणा ने कहा कि यह स्थानीय लोगों का हक है और अगर जबरन रास्तों को बंद करने का प्रयास किया गया, तो उसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर स्थानीय ट्रक चालकों के पर्ची वसूली गई, तो वह मजबूर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। नालागढ़ के विधायक केएल ठाकुर ने कहा कि जैसी व्यवस्था बीते दो दशकों से चल रही है उसे आगे भी जारी रखा जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से आग्रह किया इनकी टोल छूट पूर्व की भांति बरकरार रखी जाए।