HamirpurHimachal PradeshPolitics

आज हाई सियासी वोल्टेज पर रहेगा हमीरपुर

Spread the love

संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,

दोसडक़ा में कांग्रेस; सुजानपुर में दहाडेंग़े बीजेपी दिग्गज, प्रत्याशी रायजादा समेत कैप्टन-राणा-लखनपाल भरेंगे नामांकन
केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री का गृहजिला हमीरपुर शुक्रवार को सियासत की हाईवोल्टेज पर रहने वाला है। जिले के सुजानपुर और हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में होने वाली भाजपा और कांग्रेस की दो बड़ी रैलियां गर्मी की इस तपिश को और बढ़ाएगी इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसा माना जा रहा है कि इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों से एक ही समय पर दोनों पार्टियों के दिग्गज एक-दूसरे पर जुबानी हमले करते हुए नजर आएंगे। दरअसल शुक्रवार को हमीरपुर में संसदीय क्षेत्र हमीरपुर से कांग्रेस के प्रत्याशी सतपाल रायजादा, सुजानपुर से बीजेपी के प्रत्याशी राजेंद्र राणा, कांग्रेस प्रत्याशी कैप्टन रंजीत राणा और बड़सर से बीजेपी के प्रत्याशी इंद्रदत्त लखनपाल अपना नामांकन पत्र दाखिल करने वाले हैं। सतपाल रायजादा जिला मुख्यालय हमीरपुर में जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे जबकि राजेंद्र राणा, कैप्टन रंजीत सुजानपुर और इंद्रदत्त लखनपाल बड़सर में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
नामांकन दाखिल करने के उपरांत भाजपा जहां सुजानपुर में एक बड़ा राजनीतिक शो करने जा रही है, वहीं कांग्रेस हमीरपुर के दोसडक़ा स्थित पुलिस मैदान में रैली करेगी। सुजानपुर में होने वाले भाजपा के राजनीतिक शो में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हमीरपुर सदर के विधायक आशीष शर्मा, पार्टी कैंडीडेट राजेंद्र राणा समेत बीजेपी के जिला के पूर्व विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के शामिल होने की बात कही जा रही है।