प्रदेश में 13 मई तक मौसम खराब
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
राजधानी शिमला में शुक्रवार शाम को झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शनिवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश, अंधड़ और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 13 मई तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। 14 मई से प्रदेश में धूप खिलने की संभावना है। शुक्रवार को सुबह से प्रदेश के कई क्षेत्रों में बादल छाए रहे। शाम को बादल उमडऩे के साथ ही शिमला सहित सोलन, नालागढ़, नाहन में अंधड़ के साथ बारिश हुई। शिमला में कुछ देर ओलावृष्टि भी हुई। मैदानी क्षेत्रों में बारिश होने से मौसम में हल्की ठंडक हो गई है। मौसम में आए इस बदलाव से गर्मी से कुछ राहत मिली है।
