Himachal Pradesh

Himachal Election : बच्चें भी देंगे पोलिंग बूथ पर ड्यूटी !

Spread the love

संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे — शिमला

लोकसभा चुनाव के लिए अब स्कूली बच्चे भी हर पोलिंग स्टेशन में अपनी ड्यूटी देंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के हर स्कूल से दो दो ऐसे छात्र, जो एनसीसी के हैं, उनकी ड्यूटियां हर पोलिंग स्टेशन में लगाने के निर्देश जारी किए हैं। इसमें ये छात्र वरिष्ठ नागरिकों, गर्भवती महिलाओं और दिव्यांगों की सुविधा के लिए तैनात होंगे। मतदान केंद्रों पर कैडेट्स वर्दी व बिना हथियारों के तैनात किए जाएंगे, जो यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, वृद्ध और दिव्यांगजन मतदाताओं की सहायता, किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में चिकित्सा सहायता जैसे गैर सुरक्षा संबंधी दायित्वों में पुलिस कर्मियों या गृहरक्षकों की सहायता करेंगे।
चुनाव आयोग का यह कदम युवाओं को लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव में शामिल कर उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने में सहायक सिद्ध होगा। इन्हें अन्य मतदान कर्मियों के समान पारिश्रमिक दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि तैनात कैडेट को चुनाव ड्यूटी के लिए अन्य मतदान कर्मियों के समान पारिश्रमिक दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्हें प्रतिदिन 150 रुपए या पैक्ड लंच दिया जाएगा और संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी उनके परिवहन की व्यवस्था करेंगे। किसी भी अप्रत्याशित घटना के मामले में यह कैडेट्स अनुग्रह राशि के हकदार होंगे।
बड़ा भंगाल और ढिल्लों में सहायक मतदान केंद्र
शिमला। निर्वाचन विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य निर्वाचन विभाग को कांगड़ा जिला के 20-बैजनाथ (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र 99-बड़ा भंगाल, जिसमें कुल 469 मतदाता पंजीकृत है और सोलन जिला के 54-कसौली (अ.जा.) के 27-ढिल्लों मतदान केंद्र, जिसमें 805 मतदाता पंजीकृत हैं, के लिए सहायक मतदान केंद्र (ऑक्सिलरी पोलिंग स्टेशन) बनाने की अनुमति प्रदान की है। कांगड़ा जिला के 99-बड़ाभंगाल का मतदान केंद्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला बड़ाभंगाल स्थित बीड़ में है, जहां अब 310 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत इस मतदान केंद्र के लिए सहायक मतदान केंद्र, राजकीय उच्च पाठशाला, बड़ाभंगाल 99-क-बड़ाभंगाल बनाया गया है, जहां 159 मतदाता मतदान करेंगे। इसके अतिरिक्त, 54-कसौली (अ.जा.) के मतदान केंद्र 27-ढिल्लों, जिसका मतदान केंद्र राजकीय प्राथमिक पाठशाला, ढिल्लों में स्थापित है, जहां अब 800 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और कुष्ट रोगियों की सुविधा के लिए 27-क-ढिल्लों के दृष्टिगत जोनल कुष्ट रोग अस्पताल लोहान्जी में सहायक मतदान केंद्र स्थापित किया गया है, जहां पांच मतदाता मतदान करेंगे। प्रदेश में अब मतदान केंद्रों की संख्या बढक़र 7992 हो गई है।