आज लू लेगी वोटरों का इम्तिहान
लोकसभा चुनावों के पांचवें चरण को यूपी-पश्चिम बंगाल समेत आठ राज्यों में मतदान
लोक सभा चुनाव के पांचवें चरण में सोमवार को आठ राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की 49 संसदीय सीटों और ओडिशा विधानसभा के दूसरे चरण के लिए 35 सीटों पर सोमवार को सुचारु रूप से मतदान कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव आयोग ने रविवार को एक विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक कराया जाएगा और कुछ मतदान केंद्रों में मतदान समाप्त होने की समय सीमा में परिवर्तन हो सकता है। इस चरण में 49 लोकसभा सीटों पर 695 उम्मीदवारों और ओडिशा विधानसभा के दूसरे चरण के लिए 35 सीटों पर उतरे 265 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा।
ओडिशा विधानसभा की 147 सीटों में से पहले चरण में 13 मई को 28 सीटों पर मतदान हो चुका है। चुनाव आयोग ने मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिये मतदाता जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किये हैं। साथ ही मुख्य चुनाव अधिकारियों एवं जिला चुनाव अधिकारियों को भीषण गर्मी और लू जैसे हालात को देखते हुए उचित प्रबंधन करने के लिए पर्याप्त उपाय करने की सलाह दी गयी है। चुनाव कर्मियों को मशीनों और सामग्री के साथ उनके संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया है। साथ ही यह सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं कि मतदान आरामदायक और सुरक्षित वातावरण में हो। आयोग ने कहा है कि मतदान और सुरक्षा अधिकारियों को पहुंचाने के लिए 17 विशेष रेलगाडिय़ां और 508 हेलिकॉप्टर उड़ानें संचालित की गई हैं। मतदाताओं को किसी भी प्रकार के प्रलोभन देने से सख्ती से और तेजी से निपटने के लिए कुल 2000 उडऩ दस्ते, 2105 स्टेटिक निगरानी टीमें, 881 वीडियो निगरानी टीमें और 502 वीडियो देखने वाली टीमें चौबीसों घंटे निगरानी रख रही हैं।
ओडिशा विधानसभा के दूसरे चरण को मतदान
ओडिशा विधानसभा के दूसरे चरण के लिए भी 35 सीटों पर वोटिंग होनी है। ओडिशा विधानसभा के दूसरे चरण के लिए 35 सीटों पर उतरे 265 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। ओडिशा विधानसभा की 147 सीटों में से पहले चरण में 13 मई को 28 सीटों पर मतदान हो चुका है। इसे लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
8.95 करोड़ मतदाता करेंगे भाग्य का फैसला
आठ राज्य / केंद्र-शासित प्रदेशों की कुल 49 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 8.95 करोड़ मतदाता 94,732 मतदान केंद्रों पर वोट डाल कर 695 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला तय कर सकेंगे। इनमें 4.69 करोड़ पुरुष तथा 4.26 करोड़ महिला और 5409 उभयङ्क्षलगी मतदाता अपने मताधिकार शामिल हैं।
अब तक 379 सीटों पर वोटिंग
चौथे चरण के मतदान के साथ कुल 543 सीटों में से 379 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया खत्म हो चुकी है। पहले चरण में 102, दूसरे में 88, तीसरे में 93 और चौथे में 96 संसदीय क्षेत्रों में चुनाव कराए गए हैं। पहले चार चरणों में 45.1 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने अभी तक मतदान किया है और इन चरणों में औसतन 66.95 प्रतिशत मतदान हुआ है। छठे और सातवें चरण में क्रमश: 25 मई और एक जून को मतदान कराए जाएंगे। मतगणना चार जून को होगी।
पिछले नतीजे
वर्ष 2019 के चुनाव में इन 49 सीटों में से 32 पर भाजपा, सात पर शिवसेना (अविभाजित) और चार पर टीएमसी प्रत्याशियों को सफलता मिली थी।
49 संसदीय सीटों के लिए यहां डाले जाएंगे वोट
पांचवें चरण में जिन आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 49 संसदीय सीटों के लिए मतदान होगा, उनमें उत्तर प्रदेश की 14, महाराष्ट्र की 13, पश्चिम बंगाल की सात, ओडिशा और बिहार की पांच-पांच, झारखंड की तीन और जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की एक-एक सीट है।
