चम्बा: रावी नदी में गिरे ट्रक के चालक का श.व बरामद, 12 दिन पहले हुआ था हादसा
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
चम्बा: पठानकोट-भरमौर एनएच पर ढकोग के पास ट्रक हादसे में लापता चालक का 12 दिन के बाद शव बरामद हुआ है। उसका शव घटनास्थल से करीब 8 किलोमीटर दूर दुनाली के पास बरामद हुआ है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार 12 दिन पूर्व पठानकोट-भरमौर एनएच पर जांघी पंचायत के उपप्रधान योगराज पुत्र धनीराम निवासी गांव तराला डाकघर जांघी ट्रक में कंपनी का सीमैंट लेकर चम्बा से खड़ामुख की ओर जा रहा था। ढकोग बाजार के पास ट्रक हादसे का शिकार हो गया और रावी नदी में जा गिरा।
भरमौर प्रशासन की ओर से जसूर से एनडीआरएफ जवानों को बुलाकर काफी दिनों तक सर्च अभियान चलाया। यहां तक कि पानी के बहाव को भी बदला गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई थी। शव पानी के बहाव के साथ बहता हुआ दुनाली तक पहुंच गया था। बुधवार दोपहर को जब स्थानीय लोग रावी नदी के किनारे से गुजर रहे थे तो उन्होंने शव को देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। इसके बाद योगराज के परिजनों ने शव की शिनाख्त की। मामले की पुष्टि एसपी चम्बा अभिषेक यादव ने की है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
