chambaHimachal Pradesh

चुराह:डीएफओ को गलत बनाकर दे दी चचूल में चल रहे आरे की रिपोर्ट

Spread the love

संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,

चंबा। चुराह वन मंडल के चचूल में अवैध रूप से चल रहे आरे को लेकर वन परिक्षेत्र अधिकारी ने डीएफओ को गलत रिपोर्ट बनाकर सौंप दी है।

जिसे वन मंडल अधिकारी ने वापस भेज दिया है। साथ ही वन परिक्षेत्र अधिकारी को सही रिपोर्ट बनाकर जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। इतना ही नहीं, वन मंडल अधिकारी ने चचूल जंगल में गलत तरीके से काटे गए पेड़ों के मामले में वन परिक्षेत्र अधिकारी से लेकर संबंधित वन खंड अधिकारी और वन रक्षक को नोटिस जारी किया है। उन्हें शीघ्र इस मामले में अपना जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। जब वन मंडल अधिकारी ने चचूल जंगल में कटे हुए पेड़ों को मौके पर देखा तो उसमें लॉट के नंबर लगे मिले। वन मंडल अधिकारी के पास लॉट को लेकर किसी प्रकार की जानकारी ही नहीं थी। साथ ही वन निगम को भी इस बारे कोई जानकारी नहीं थी। इतना ही नहीं, मौके पर मिट्टी में दबे पेड़ों के ठूंठ मिले हैं। इन्हें गायब करने के उद्देश्य से वहां दबाया गया था। इस मामले को लेकर मुख्य वन अरण्यपाल के पास भी शिकायत पहुंच गई है। उन्होंने वन मंडल अधिकारी को मामले की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए हैं।

वन मंडल अधिकारी चुराह सुशील कुमार गुलेरिया ने बताया कि चचूल में अवैध आरे को लेकर सही रिपोर्ट नहीं दी थी। इसे दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चचूल जंगल में कटे हुए पेड़ों के संबंध में संबंधित कर्मचारियों से जवाब मांगा गया है।