BharmourHimachal Pradesh

मतदान के लिये जागरूक करने को साइकिल अभियान पहुंचा भरमौर

Spread the love

जसप्रीत पाल ने 475 किलोमीटर साइकिल पर सफर तय कर यात्रा का किया सफल समापन

संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे भरमौर,
स्टेट आइकॉन, जसप्रीत पाल की अगुवाई में दो सदस्यीय मतदाता जागरूकता साइकिल अभियान आज भरमौर पहुँचा। एसडीएम भरमौर एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी कुलवीर सिंह राणा सहित चुनाव विभाग के अधिकारियों ने दल का स्वागत कर उन्हें सम्मानित भी किया । एसडीएम ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत जिला निर्वाचन अधिकारी मंडी ने 25 मई को इस दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। उन्होंने यह भी बताया कि जसप्रीत पाल ने मंडी से लेकर भरमौर तक 475 किलोमीटर साइकिल पर यात्रा का सफल समापन किया ।उन्होंने कहा कि उनकी मेहनत
काम आएगी और लोग बढ़ चढ़कर लोकसभा चुनाव 2024 में मतदान कर इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
इस दौरान आगामी लोक सभा चुनाव 1 जून, 2024 को अधिक मतदान के लिये मतदाताओं को प्रेरित करने के लिये मंडी से भरमौर पहुंच कर स्टेट आइकॉन, जसप्रीत पाल ने आज राजकीय (वाल) वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भरमौर के प्रांगण में एक कार्यक्रम में भी शिरकत की। उन्होंने मतदाताओं को बड़ी संख्या में बाहर आने और 1 जून, 2024 को मतदान करने के लिए प्रेरित करने के लिए चुनाव विभाग द्वारा शुरू किए गए मतदाता जागरूकता अभियान की जानकारी दी।
उन्होंने लोगों को मतदान के महत्व के बारे में बताते हुए यह संदेश दिया कि हमें लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़ चढ़कर भाग लेना चाहिए और देश की एक सशक्त लोकतांत्रिक शासन प्रणाली प्रदान करनी चाहिए।
उन्होंने विशेषकर युवाओं को मतदान में बढ़ चढ़कर भाग लेने के लिये प्रेरित किया और उन्हें अपने आस पड़ोस के लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करने का आह्वान भी किया। इस दौरान उन्हें मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई। उन्होंने उपस्थित लोगों को हिमाचल प्रदेश के चुनाव आयुक्त के सौजन्य से 1 जून को मतदान करने के लिए जारी निमंत्रण पत्र भी भेंट किये। उन्होंने अपने समस्त अनुभव छात्र- छात्राओं के साथ साझा किये।
इस कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चुनाव अधिकारी के दिशा निर्देश अनुसार हुआ।
कार्यक्रम में स्वीप नोडल अधिकारी स्वरूप कुमार, क्षेत्र समन्वयक संजय कुमार , प्रधानाचार्य अरुणा चाढक, समूह प्रशिक्षक सुमन कुमार, औद्योगिक प्रशिक्षण भरमौर के छात्र-छात्राओं सहित स्वंय सहायता समूहो की महिलाओं ने भाग लिया।