मतदान के लिए नहीं मिला अवकाश, ये कर्मचारी नहीं दे पाए वोट
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन के कर्मचारियों को हिमाचल प्रदेश में मतदान के दिन कंपनी प्रबंधन और संबंधित विभाग की ओर से सवैतनिक अवकाश प्रदान नहीं किया गया। कर्मचारियों ने शिकायत की है कि कर्मचारियों के द्वारा जब मतदान के दिन अवकाश के बारे में कंपनी प्रबंधन से बात की गई, तो कंपनी के आपरेशन मैनेजर राजेश सिंह द्वारा अवकाश देने से साफ इनकार किया गया। साथ ही कोई भी लिखित स्टेटमेंट देने से भी मना किया गया और टालमटोल करने की कोशिश की गई। इस विषय पर संबंधित डिपार्टमेंट की ओर से भी कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया जा रहा है और न ही कोई नोटिफिकेशन जारी की गई है। मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन 1100 की ओर से आपातकालीन सेवाएं प्रदान नहीं की जाती हैं, फिर भी मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन के कर्मचारियों को मतदान के लिए अवकाश नहीं दिया गया। हालांकि बाकी सभी सरकारी विभागों और निजी संस्थानों में भी मतदान के लिए अवकाश दिया गया है।
हेल्पलाइन के बहुत से कर्मचारियों को हेल्पलाइन कार्यालय से अपने घर के लिए आने-जाने में एक दिन से अधिक समय लग जाता है। कर्मचारियों का कहना है कि इस पर कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने जब आपरेशन मैनेजर राजेश सिंह से मतदान के लिए घर जाने की बात कही, तो कंपनी के आपरेशन मैनेजर राजेश सिंह द्वारा उन्हें मतदान के दिन के लिए सवैतनिक अवकाश नहीं दिया गया। उल्टा कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें धमकी भी दी गई कि यदि वे एक दिन में वापस नहीं लौटते हैं, तो कंपनी प्रबंधन द्वारा उनके खिलाफ कोई भी कार्रवाई की जा सकती है।
