Himachal PradeshMandi

मंडी सीट के लिए छह जिलों से आएगा चुनाव परिणाम, सुबह आठ बजे तक पहला रूझान

Spread the love

17 हलकों के लिए नौ जगहों पर होगी मतगणना, सुबह आठ बजे तक पहला रूझान

संवाददाता संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे -मंडी

मंडी संसदीय सीट पर हार जीत की तस्वीर मंगलवार चार जून को लगभग आठ बजे से साफ होना शुरू हो जाएगी। आठ बजे तक पहला रूझान सामने आ जाएगा। मंडी संसदीय सीट के 17 हलकों के लिए नौ जगहों पर ईवीएम और पोस्टल बैलेट व सर्विस वोट (ईटीपीबीएस) की गिनती होगी। इस बार ईवीएम से 997373 मतों की गिनती की जाएगी। मंडी सीट के लिए छह जिलों से चुनाव का परिणाम आएगा, जबकि हमीरपुर संसदीय सीट के परिणाम में भी मंडी जिला की भूमिका रहेगी। यहां से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में शामिल जिला के धर्मपुर विस की गिनती सरकाघाट कालेज में होगी। मतदान के दौरान प्रयोग हुई ईवीएम व वीवीपैट यूनिट को नौ जगहों पर कड़ी निगरानी में रखा गया है। चार जून को इन्हें मतगणना टेबल पर लाया जाएगा। इसके बाद ईवीएम से वोट की गिनती व मिलान का क्रम शुरू होगा। सबसे पहले पोस्टल बेलेट व सर्विस वोट की गिनती शुरू होने के आधे घंटे बाद ईवीएम से वोट गिनने की प्रकिया शुरू होगी।
यह सारी प्रक्रिया सुबह लगभग छह बजे शुरू होगी और लगभग सात बजे के आसपास पोस्टल बेलेट व सर्विस वोट की गिनती प्रक्रिया पूरी तरह से शुरू होते ही ईवीएम से वोट गिनने का काम शुरू हो जाएगा। मंडी संसदीय क्षेत्र के पोस्टल बेलेट पेपर और ईटीपीबीएस की गिनती संस्कृति सदन में होगी। इसके साथ ही भरमौर के वोटों की गिनती मेडिकल कालेज चंबा सरोल में होगी। लाहुल-स्पीति के वोटों की गिनती जीएसएसएस केलांग में होगी। मनाली, बंजार, आनी और कुल्लू के वोटों की गिनती महाविद्यालय कुल्लू में की जाएगी। करसोग, सुंदरनगर, सराज और नाचन के वोटों की गिनती इंजीनियरिंग कालेज सुंदरनगर के डिर्पाटमेंट ऑफ मेकेनिकल परिसर में होगी। दं्रग और जोगिंद्रनगर विस के वोटों की गिनती जोगिंद्रनगर डिग्री कालेज में होगी। मंडी और बल्ह विस क्षेत्र के वोटों की गिनती पीजी कालेज मंडी में होगी। रामपुर के वोटों की गिनती जीएसएसएस रामपुर न्यू बिल्डिंग में होगी। किन्नौर विस क्षेत्र के वोटों की गिनती बचत भवन हाल रिकांगपियो में होगी। -एचडीएम