chambaHimachal Pradesh

चम्बा मे मां-बेटे ने पीट कर मार डाली महिला

Spread the love

चंबा के औडरा में रिश्तेदार की किसी बात पर कहासुनी के बाद अंजाम दी वारदात

संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,

शहर से सटे औडरा गांव में मां-बेटे ने मिलकर रिश्तेदार महिला की किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद गुस्से में आकर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतका के बेटे की शिकायत पर आरोपी मां-बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ आरंभ कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए नुरपूर से फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है। फोरेंसिक टीम के घटनास्थल का दौरा करने के बाद ही महिला के शव को उठाकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भिजवाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार मंगला के ढौली गांव की पिंकी देवी अपनी रिश्तेदार विमला देवी के घर गई हुई थी। तीन-चार दिनों तक पिंकी के घर न लौटने पर रविवार को बेटा मां का हाल जानने के लिए विमला देवी के घर पहुंचा। जहां माता को मृत हालत में देखकर बेटे के पांवों तले जमीन खिसक गई। इस दौरान विमला देवी व उसका बेटा मनोज कुमार भी वहीं मौजूद थे। बेटे ने तुरंत घटना की सूचना सदर पुलिस थाना को दी। सूचना पाते ही सदर पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजीव चौधरी ने टीम संग मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने जांच-पड़ताल में पिंकी देवी के शरीर पर जगह-जगह चोटों के निशान पाए हैं।
पुलिस की पूछताछ में मनोज कुमार व उसकी माता पिंकी की मौत को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ भादंसं की धारा 302 व 34 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी मां-बेटे से पूछताछ कर हत्या की सही वजह जानने का प्रयास कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही महिला की हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा। उधर, एसपी चंबा अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की ।