पगार को तरसे मिड-डे मील वर्कर
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे ,
मिड-डे मील वर्कर यूनियन तीसा इकाई ने बैठक कर बुलंद की आवाज
मिड-डे मील वर्कर यूनियन तीसा इकाई संबंधित सीटू की बैठक शनिवार को उपमंडल मुख्यालय भंजराडू में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष दीप सिंह ने की। बैठक में सीटू के जिला अध्यक्ष नरेंद्र विशेष तौर से मौजूद रहे। बैठक में वक्ताओं ने शिक्षा खंड तीसा में पिछले चार महीनों से मिड-डे मील वर्कर को मासिक मानदेय का भुगतान न होने का मसला उठाया। उन्होंने कहा कि जिला के शेष ब्लाकों को मिड-डे मील वर्करों को मासिक मानदेय का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंन कहा कि तीसा में मानदेय का भुगतान न होने का मसला खंड व जिलास्तर पर भी उठाया जा चुका है। वक्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर जल्द मासिक मानदेय का भुगतान न हुआ तो उन्हें मजबूरन कड़े कदम उठाने को बाध्य होना पड़ेगा। इसकी सारी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
वक्ताओं ने तर्क दिया है कि मिड-डे मील वर्करों पहले ही सबसे कम मानदेय दिया जा रहा है। इसका भी समय पर भुगतान न होने से परिवार के गुजर- बसर में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शिक्षा विभाग से मांग की है कि मिड-डे मील वर्करों के मासिक मानदेय का भुगतान हरेक माह की सात तारीख को सुनिश्चित बनाया जाए। बैठक में ब्लाक सचिव ललिता कुमारी, कमेटी सदस्य यूसफ, डोगरु, बालो, लाल चंद, अर्जुन कुमार, ढालो, रीनू, ललिता देवी, चंपी, होशियारी, जयवंती, शीला देवी, प्रेम देई, नारो देवी, जगदेई, हमीरू, मानदेई, भागदेई, सुभद्रु व तारो आदि मौजूद रहीं।
