कठुआ मुठभेड़ में दूसरा आतंकी भी ढेर, हथियार-नकदी बरामद
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
जम्मू संभाग के जिला कठुआ की तहसील हीरानगर के गांव सैडा सोहल में मुठभेड़ के दूसरे दिन बुधवार को सुरक्षाबलों ने दूसरे आतंकी को भी ढेर कर दिया है। मुठभेड़ में एक सीआरपीएफ का जवान घायल हो गया था, जिसे तुरंत इलाज के लिए हीरानगर उपजिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जवान कबीर दास को बचाया नहीं जा सका। एडीजीपी जम्मू आनंद जैन ने बताया कि पुलिस, एसओजी, सीआरपीएफ और सेना के जवानों ने मंगलवार रात से ही इलाके की घेराबंदी की हुई थी। हीरानगर में हुई मुठभेड़ में बहादुर जवानों ने दोनों आतंकी मार गिराए हैं। एक आतंकी मंगलवार रात को ही मारा गया था। दूसरा आतंकी बुधवार अल सुबह मारा गया। इलाके में किसी अन्य आतंकी के छिपे होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। ऐसे में आसपास के इलाके में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल के आसपास हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। अधिकारी के अनुसार, बरामद हथियारों और गोला-बारूद में 30 राउंड वाली तीन मैगजीन, 24 राउंड वाली एक अन्य मैगजीन, अलग-अलग पॉलीथीन में 75 राउंड, तीन ग्रेनेड, एक लाख रुपए की करेंसी (500 रुपए के 200 नोट), खाने-पीने का सामान (पाकिस्तान में बनी चॉकलेट, सूखे चने और बासी रोटियां), पाकिस्तान में बनी दवाइयां और इंजेक्शन (दर्द निवारक), एक सिरिंज, ए4 बैटरी के दो पैक और टेप में लिपटा एक हैंडसेट, जिसमें एंटीना और हैंडसेट से लटके दो तार शामिल हैं।
60 घंटे में तीन आतंकी हमलों से दहला जम्मू-कश्मीर
जम्मू-कश्मीर के रियासी, कठुआ और डोडा में पिछले 60 घंटे में एक के बाद एक लगातार तीन आतंकी घटनाएं हुई हैं। इसमें नौ श्रद्धालुओं की जान चली गई। एक जवान शहीद हुआ और दो आतंकी मारे गए। तीनों घटनाओं में पांच जवानों समेत कुल 48 लोग घायल हुए हैं।
