ऑन ड्यूटी नशे में धुत्त मिला बिजली बोर्ड का जेई
संवाददाता संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे ,
उपमंडल नादौन के तहत धनेटा स्थित बिजली बोर्ड के कार्यालय में कनिष्ठ अभियंता नशे की हालत में मिला है। बिजली की शिकायत लेकर पहुंचे लोगों से इसने अभद्र व्यवहार किया है। यहां तक कि यह कर्मचारी सिर्फ अंदरूनी कपड़ों में ही कार्यालय में मौजूद मिला। शिकायतकर्ताओं ने जब कनिष्ठ अभियंता से बिजली न होने के बारे में शिकायत की तो कर्मचारी भडक़ गया। माहौल तनावपूर्ण होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचाया गया।
पुलिस ने कर्मचारी का मेडिकल करवाया है, वहीं कर्मचारी की इस हरकत की शिकायत बिजली बोर्ड के आलाधिकारियों को भी कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक शनिवार को दिन के समय अमन शीतल और अनिल कुमार बिजली की समस्या के संदर्भ में बिजली बोर्ड के धनेटा स्थित कार्यालय में पहुंचे थे। वहां उन्होंने कनिष्ठ अभियंता से बिजली न होने के बारे में बात की तो कनिष्ठ अभियंता उनके ऊपर भडक़ गया और उनसे दुव्र्यवहार करने लग पड़ा। ऐसे में उनको शक हुआ की उक्त कर्मचारी नशे में धुत्त है, जब उन्होंने उसके साथ बात करने की कोशिश की तो उस कर्मचारी ने अपने कपड़े उतार दिए और शिकायतकर्ताओं को गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। आखिर परेशान होकर उन्होंने अपनी बात विभाग के सहायक अभियंता सुशील कुमार शर्मा से की।
उन्होंने पाया की कनिष्ठ अभियंता शराब के नशे में धुत्त है और स्थानीय लोगों के साथ दुव्र्यवहार कर रहा है। उन्होंने उसको समझाने की कोशिश की तो उस कर्मचारी ने अपने सीनियर के साथ भी अभद्र व्यवहार कर डाला। इसके उपरांत ग्रामीणों तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने धनेटा पुलिस चौकी में मामले की शिकायत की। मौके पर पहुंची पुलिस से भी उक्त कर्मी ने अभद्र व्यवहार किया। बाद में नादौन पुलिस थाना में भी कर्मचारी की हरकतों की सूचना दी गई।
